बरेली:कोरोना वायरस का असर अब खेल दुनिया पर भी पड़ने लगा है। लगातार हो रही मौतों के चलते तीरंदाजी विश्वकप की मेजबानी चीन से छीन ली गई है। अब यह विश्वकप तुर्की में होगा। बरेली के विश्वास शर्मा भी भारत की विश्व कप टीम का हिस्सा हैं। तीरंदाज विश्वास शर्मा का पिछले दिनों भारतीय टीम में चयन हुआ था। भारतीय टीम को इस सत्र के सेकंड स्टेज विश्व कप में भाग लेने के लिए चीन के शहर शंघाई जाना था। इसी बीच चीन में कोरोना वायरस के फैलने से हालात खराब हो गए। स्थिति ज्यादा बिगड़ी तो वर्ल्ड आर्चरी एसोसिएशन ने चीन की जगह तुर्की में वर्ल्ड कप कराने का फैसला किया है। अब 10 से 17 मई तक तुर्की के अंतालिया शहर में यह प्रतियोगिता होगी। शंघाई में प्रतियोगिता को लेकर विश्वास के परिजन भी कुछ चिंतित थे। प्रतियोगिता का स्थान बदलने से उन्होंने भी राहत की सांस ली है।
टॉप-4 में शामिल हैं तीरंदाज विश्वास
लक्ष्मण पुरस्कार विजेता तीरंदाज विश्वास शर्मा भारत के टॉप 4 तीरंदाजों में शामिल हैं। उनके साथ अतानु दास, प्रवीण जाधव और सुखमणि बाबरेकर का भी विश्व कप के लिए चयन हुआ है। इस टीम के विश्वकप में पदक जीतने की पूरी उम्मीद है। माना जा रहा है कि यही चार खिलाड़ी ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।
फाइनल विश्व कप भी हो सकता है शिफ्ट
इस वर्ष तीरंदाजी के चार विश्वकप होने हैं। फर्स्ट स्टेज विश्व कप ग्वाटेमाला में 20 से 26 अप्रैल तक है। सेकंड स्टेज विश्व कप 10 से 17 मई तक तुर्की में है। थर्ड स्टेज विश्व कप 21 से 28 जून तक बर्लिन, जर्मनी में खेला जाएगा। वहीं, फाइनल विश्व कप की मेजबानी भी चीन के शहर शंघाई को दी गई है। इसके लिए 26 और 27 सितंबर की तारीख तय की गई है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए फाइनल विश्व कप के भी शिफ्ट होने की संभावना है।
2006 एशियाड में जीते थे विश्वास
सेना में सूबेदार विश्वास शर्मा पूना में तैनात हैं। वर्ष 2002 में सेना में चयन होने के बाद उन्होंने देश के लिए खेलना शुरू कर दिया था। दर्जन भर स्टेट और नेशनल मेडल जीतने के बाद विश्वास का 2006 एशियाड में सेलेक्शन हुआ। इसमें उन्होंने टीम स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता। फतेहगंज पूर्वी के गांव निबड़िया निवासी विश्वास का सपना टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए मेडल जीतना है।

