नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। रविवार को पॉजिटिव केस बढ़कर 4 हजार 289 हो गई। मुंबई में सबसे ज्यादा 433 कोरोना के मरीज हैं। शहर में एक ही दिन में संक्रमण के 103 नए मामले सामने आए और आठ संक्रमितों की जान गई। इसके साथ ही शहर में कुल मौतों का आंकड़ा 30 हो गया। इधर, एमपी की राजधानी भोपाल में रविवार को 23 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें तीन डॉक्टर भी हैं। सभी को एम्स में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही शहर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 41 हो गई। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में तब्लीगी जमात का प्रकरण सामने आने के बाद संक्रमण के मामलों की रफ्तार करीब दोगुनी हो गई है।
मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि रविवार तक देश के 274 जिलों से कोरोना के मामले सामने आ चुके थे। उन्होंने कहा कि तब्लीगी जमात का प्रकरण नहीं होता, तो देश में 7.4 दिनों में केस डबल होते, लेकिन अब ये संख्या 4.2 दिनों में दोगुनी हो रही है। उन्होंने बताया कि देशभर में बुधवार से उन जगहों पर रैपिड टेस्ट होगा, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आए हैं।
देश में नए संक्रमित मिलने का सिलसिला जारी
रविवार को महाराष्ट्र में 150 से ज्यादा, आंध्रप्रदेश में 34, गुजरात में 14, मध्यप्रदेश में 14, हिमाचल में 7, राजस्थान में 6, पंजाब में 3, कर्नाटक-ओडिशा में 2-2 और झारखंड में 1 मामला सामने आया। इसके साथ ही देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 4 हजार 289 हो गई। शनिवार को सबसे ज्यादा 566 नए संक्रमित मिले थे। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 145 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार शाम 6 बजे तक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 577 है। इनमें से 274 ठीक हो चुके हैं, जबकि 83 मरीजों की मौत हुई है।
जरूरी अपडेट्स
- इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मलेशियाई मूल के तब्लीगी जमात के 8 सदस्यों को इमीग्रेशन डिपार्टमेंट ने रोक लिया। वे राहत सामग्री की ढुलाई में लगे मलेशियाई विमान से अपने देश जाने की तैयारी में थे।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना के कुल संक्रमितों में से 30% या तो तब्लीगी जमात से जुड़े हैं या उनके संपर्क में आए हैं। गृह मंत्रालय ने बताया कि देशभर में तब्लीगी जमात से जुड़े करीब 22 हजार लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।
- कोरानावायरस संक्रमितों के संपर्क में आने के बाद गृह मंत्रालय के सलाहकार के विजय कुमार और सीआरपीएफ के डायरेक्टर जनरल एपी माहेश्वरी ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। ये सभी हाल ही में कोरानावायरस संक्रमितों के संपर्क में आए थे।
- वायुसेना के 3 जवानों को भी क्वारैंटाइन किया गया है। इनमें से एक जवान मध्य मार्च में दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में गया था, जहां उस समय तब्लीगी जमात का कार्यक्रम चल रहा था।
26 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना
| राज्य | कितने संक्रमित | कितनों की मौत | कितने ठीक हुए |
| महाराष्ट्र | 748 | 45 | 56 |
| तमिलनाडु | 571 | 5 | 8 |
| दिल्ली | 503 | 7 | 16 |
| केरल | 314 | 2 | 56 |
| आंध्रप्रदेश | 252 | 1 | 5 |
| तेलंगाना | 334 | 12 | 33 |
| राजस्थान | 266 | 5 | 25 |
| उत्तरप्रदेश | 278 | 2 | 21 |
| कर्नाटक | 151 | 4 | 11 |
| मध्यप्रदेश | 193 | 12 | 3 |
| गुजरात | 128 | 11 | 17 |
| जम्मू-कश्मीर | 106 | 2 | 4 |
| प.बंगाल | 80 | 6 | 3 |
| हरियाणा | 90 | 1 | 29 |
| पंजाब | 68 | 6 | 4 |
| बिहार | 32 | 1 | 3 |
| चंडीगढ़ | 18 | 0 | 3 |
| असम | 26 | 0 | 0 |
| लद्दाख | 14 | 0 | 3 |
| अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 0 |
| उत्तराखंड | 26 | 0 | 2 |
| छत्तीसगढ़ | 10 | 0 | 7 |
| हिमाचल प्रदेश | 13 | 2 | 1 |
| गोवा | 7 | 0 | 0 |
| ओडिशा | 39 | 0 | 2 |
| पुडुचेरी | 5 | 0 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 0 | 0 |
| झारखंड | 3 | 0 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, रविवार की शाम 6 बजे तक कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 577 हो गई है। इनमें से 274 ठीक हो चुके हैं, जबकि 83 मरीजों की मौत हुई है।

