नई दिल्ली: देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4 लाख 74 हजार 410 हो गई। महाराष्ट्र सरकार ने तय किया है कि एक हफ्ते के अंदर जिम और सलून को एक हफ्ते के अंदर खोल दिया जाएगा। इसके लिए नई गाइडलाइंस भी जारी की जाएंगी। यह जानकारी मंत्री असलम शेख ने दी है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अब तक धार्मिक स्थलों पर इकट्ठा होने को लेकर किसी तरह का कोई फैसला नहीं लिया है।
उधर, पाकिस्तान में फंसे भारतीयों की वतन वापसी शुरू हो गई है। गुरुवार को पहले चरण में 204 नागरिकों को वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लाया गया। अब इन सभी को 14 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक पहले चरण के लिए 250 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन 46 लोग नहीं आए।
तेजी से बढ़ रहे संक्रमित
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 16922 मामले सामने आए। वहीं, 418 लोगों की मौत हुई। इस तरह देश में अब तक कुल संक्रमित केस 4 लाख 73 हजार 105 हो गए हैं। इनमें एक लाख 86 हजार 514 एक्टिव केस हैं। 2 लाख 71 हजार 697 स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, अब तक 14,894 मरीज दम तोड़ चुके हैं। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में 2 लाख 7 हजार 871 टेस्ट किए। उधर, देश में अब तक 75 लाख 60 हजार 782 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
- दिल्ली हाईकोर्ट ने केंद्र और दिल्ली सरकार से उन अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा, जो कोरोना मरीजों के इलाज के लिए बेड की संख्या को लेकर रियल टाइम अपडेट नहीं दे रहे हैं। कोर्ट ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार एक डेडिकेटेड अफसर नियुक्त करे ताकि सरकार और अस्पतालों के बीच कोई कम्युनिकेशन गैप न हो। कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई के लिए खुद ही पहल की। दरअसल, एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि एक निजी अस्पताल ने उसकी पॉजिटिव मां को बेड और वेंटिलेटर देने से इनकार कर दिया था।
- नेवल एयर स्टेशन आईएनएस परुंदु के 30 से ज्यादा कर्मचारी गुरुवार को कोरोना पॉजिटिव मिले। तमिलनाडु के रामनाथपुरम में स्थित इस नेवल एयर स्टेशन से दक्षिण- पूर्व बंगाल की खाड़ी में नजर रखी जाती है। इससे पहले, लोनावाला स्थित आईएनएस शिवाजी बेस के 12 ट्रेनी सेलर्स भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
- हैदराबाद की कंपनी हेटरो ने कोरोनावायरस की जेनेरिक दवा कोविफोर की 20 हजार डोज की पहली खेप पांच राज्य तेलंगाना, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और मुंबई को भेज दी है। हेटरो के मुताबिक, 100 मिग्रा की एक डोज 5400 रुपए में मिलेगी।

