नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 57 हजार 390 हो गई है। रविवार को दूसरे दिन भी 10 हजार से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 10 हजार 768 मरीज बढ़े।शनिवार को 10 हजार 428 पॉजिटिव मिले थे। महाराष्ट्र में भी 15 दिन में दूसरी बार रिकॉर्ड 3 हजार से ज्यादा नए संक्रमित बढ़ गए। राज्य में संक्रमितों की संख्या 85 हजार के पार हो गई है। जबकि कोरोना से अब तक 3060 लोगों ने जान गंवाई। उधर, दिल्ली में पीआईबी अधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, नेशनल मीडिया सेंटर सैनिटाइजेशन के लिए सोमवार को बंद रहेगा।
उद्धव सरकार ने महाराष्ट्र की 60 जेलों में बंद 11 हजार कैदियों को इमरजेंसी पेरोल पर छोड़ने का फैसला लिया। 9671 कैदी पहले छोड़े गए थे। गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि राज्य की जेलों में 38 हजार कैदी हैं। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए इनमें से 20 हजार बाहर निकाले गए।
तमिलनाडु के 86% मरीजों में कोरोना के लक्षण नहीं
तमिलनाडु मरीजों के मामले में दूसरे स्थान पर है। यहां 31 हजार से ज्यादा पॉजिटिव मिल चुके हैं। एक हफ्ते से रोजाना एक से डेढ़ हजार मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। रविवार को रिकॉर्ड 1515 मरीज मिले। मुख्यमंत्री पलानीसामी ने बताया कि तमिलनाडु के कुल संक्रमितों में से 86% में कोरोना के कोई लक्षण नजर नहीं आए। 4 जून तक 5.50 लाख टेस्ट किए गए। राज्य में मरीजों का रिकवरी रेट देश में सबसे ज्यादा है और मुत्युदर कई देशों से कम है।
केरल में कन्वेंशन सेंटर को अस्पताल बनाया
लॉकडाउन में ढील दिए जाने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी के मद्देनजर केरल के कोच्चि में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्जीबिशन सेंटर को 200 बिस्तरों की क्षमता वाले कोविड केयर सेंटर में तब्दील किया गया है। कोच्चि के अंगमली में स्थित अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों के हिसाब से बिस्तरों का अरेंजमेंट किया गया है। अगले हफ्ते से यहां मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा।
अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 9971 केस सामने आए और 287 मौतें हुईं। देश में अब 2 लाख 46 हजार 628 संक्रमित हैं। 1 लाख 20 हजार 406 एक्टिव केस हैं, जबकि 1 लाख 19 हजार 293 स्वस्थ हो गए। अब तक 6929 की जान गई।
- दिल्ली पटियाला हाईकोर्ट ने एनआईए को निर्देश दिए हैं कि वे उस महिला को लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल में फौरन एडमिट करें, जिसका कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। कुछ दिन पहले इस महिला को आतंकी केस में गिरफ्तार किया गया था।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईएमसीआर) ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटों में एक लाख 42 हजार 69 सैंपल की जांच की गई। इसके साथ, देश में अब तक 46 लाख 66 हजार 386 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
- आईएनएस जलाश्व मालदीव्स के माले से 700 भारतीयों को लेकर तमिलनाडु के तूतिकोरिन पहुंचा। इससे पहले वह मालदीव्स और श्रीलंका से 2700 भारतीयों को ला चुका है।
- लेह स्थित नुब्रा घाटी, चुनुथु घाटी, विजययक और हिमांक प्रोजेक्ट के लिए काम कर रहे संताल परगना के 208 श्रमिक जल्द ही झारखंड लौटेंगे। 115 श्रमिकों को सोमवार को 93 श्रमिकों को मंगलवार को एयरलिफ्ट किया जाएगा।
भारत 4 दिन में ब्रिटेन को पीछे छोड़ सकता है
भारत में पिछले 6 दिन में 56 हजार 121 मरीज बढ़े हैं। अगर यही रफ्तार रही तो भारत अगले चार दिन में ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ देगा और दुनिया में पांचवें नंबर पर आ जाएगा, क्योंकि पिछले छह दिन से देश में औसतन 9 हजार 353 केस बढ़ रहे हैं। worldometers वेबसाइट के मुताबिक, रविवार दोपहर को ब्रिटेन 2.84 लाख केस के साथ पांचवें नंबर पर था। तब भारत में 2.47 लाख मामले थे। भारत ने दो दिन पहले कोरोना से सबसे प्रभावित देश इटली को पीछे छोड़ा था।
उत्तरप्रदेश छठा राज्य, जहां 10 हजार से ज्यादा मरीज
अनलॉक-1 में राजस्थान के बाद उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 10 हजार के पार हो गई। उत्तरप्रदेश देश का छठा राज्य है, जहां 10 हजार से ज्यादा मरीज हैं। आंकड़े बता रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में संक्रमण प्रवासियों की वजह से भी बढ़ा है। 2870 से ज्यादा प्रवासी संक्रमित मिले हैं। राज्य में 15 लाख से भी ज्यादा प्रवासी और मजदूर अलग-अलग राज्यों से लौट चुके हैं। इनके लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने एक मई से श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं।
5 दिन जब सबसे ज्यादा मामले आए
| तारीख | केस |
| 6 जून | 10,428 |
| 5 जून | 9379 |
| 4 जून | 9847 |
| 3 जून | 9689 |
| 2 जून | 8815 |

