नई दिल्ली:देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 44 हजार 937 हो गई है। दिल्ली सरकार ने सभी तरह से साधनों से राजधानी आने वाले यात्रियों के लिए गाइडलाइन जारी की। इसमें कहा गया है कि सभी लोगों को मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप रखना जरूरी है। अगर संक्रमण के लक्षण नहीं हैं तो भी यात्रियों को 14 दिन तक खुद अपने स्वास्थ्य पर नजर रखनी होगी। वहीं, कर्नाटक में अगर दूसरे राज्य से आया कोई यात्री लैब की निगेटिव रिपोर्ट दिखाता है तो उसे संस्थागत क्वारैंटाइन से छूट मिलेगी। सिर्फ 14 दिन होम क्वारैंटाइन रहना होगा। यह रिपोर्ट यात्रा से दो दिन से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए।
उधर, हिमाचल सरकार ने सोमवार को दो जिलों हमीरपुर और सोलन में लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ाने का फैसला लिया। दोनों जिलों के डीएम ने भी एक ऑर्डर जारी किया है जिसमें उन्होंने अपने इलाकों में 30 जून तक कर्फ्यू बढ़ाने की बात कही है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि पूरे हिमाचल में लॉकडाउन बढ़ाया गया है। राज्य के मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि हमने सभी डीएम को जिलों के हालात के हिसाब से कर्फ्यू पर फैसला लेने का अधिकार दिया है। लेकिन, यह फैसला पूरे राज्य पर लागू नहीं होता।
भारत दुनिया में 10वां सबसे ज्यादा संक्रमित देश
भारत दुनियाभर में संक्रमण के मामले में 10वां देश बन गया है। देश में करीब 13 दिन में कोरोना के मामले दोगुने हो रहे हैं। इस बीच कोरोना से ठीक होने वालों की दर भी बढ़कर 41.28% हो गई है। एशिया में तुर्की के बाद भारत दूसरे नंबर पर है। तुर्की में कोरोना के करीब 1 लाख 56 हजार मामले आ चुके हैं। एशिया के तीसरे सबसे ज्यादा प्रभावित देश ईरान में 1 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।
सोमवार को महाराष्ट्र में 2436, तमिलनाडु में 805, दिल्ली में 635, गुजरात में 405, राजस्थान में 272, उत्तरप्रदेश में 229, मध्यप्रदेश में 194, प. बंगाल में 149, बिहार में 163, असम में 147, आंध्रप्रदेश में 106 और ओडिशा में 102 मरीज मिले। 304 मरीज और बढ़े, लेकिन ये किन राज्यों से यह जानकारी नहीं मिल सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 38 हजार 845 संक्रमित हैं। इसमें से 77 हजार 103 का इलाज चल रहा है, 57 हजार 720 ठीक हुए हैं और 4021 की मौत हो चुकी है।
लॉकडाउन में छूट से केस बढ़े, लेकिन मौत न हों: केजरी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘लॉकडाउन में रियायत से कोरोना के मामले बढ़े हैं, लेकिन चिंता की बात नहीं। कोरोना होता रहे और लोग ठीक हो जाएं तो दिक्कत नहीं। बस मौत नहीं होनी चाहिए।’’ उन्होंने बताया कि सरकारी हॉस्पिटल में 3829 बेड हैं। इनमें से 3164 में ऑक्सीजन की सुविधा है। इनमें से अभी 1500 बेड भरे हैं। इसके अलावा दिल्ली के 117 अस्पताल में 20% बेड कोरोना के लिए होंगे। इससे 2000 बेड बढ़ जाएंगे। फिलहाल, दिल्ली में 14 हजार 53 केस सामने आए। इनमें से 6 हजार 771 लोग ठीक हो चुके हैं।

