पेरिस:दुनियाभर में कोरोना से संक्रमितों की संख्या दो लाख को पार कर गई है। अब तक इस महामारी से 8400 से अधिक लोग अपनी जान गवां चुके हैं। सर्वाधिक मार इटली पर पड़ी है जहां इस वायरस से एक दिन में 475 लोगों की मौत हुई है। इस आंकड़े के साथ इटली में संक्रमण से मरने वालों की संख्या 2,978 पर पहुंच गई है। इटली में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 35,713 पर पहुंच गई है। इससे एक दिन पहले इटली में 368 लोगों की मौत संक्रमण से हो गई थी।
अरबों डॉलर के आर्थिक पैकेज का एलान
मंदी की आशंका से निपटने के लिए अमेरिका और ब्रिटेन ने अरबों डॉलर के आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज का एलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, हम एक अदृश्य सेना के खिलाफ युद्ध लड़ रहे हैं और हम इसे हर हाल में जीतेंगे। मंगलवार को पर्यटन उद्योग के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठक में ट्रंप ने कहा, हम जानते हैं कि आपका उद्योग इस महामारी से सर्वाधिक प्रभावित है। हमारा लक्ष्य वायरस को हराना है और हम ऐसा करके रहेंगे।’
आम लोगों को नकद भुगतान पर विचार कर रहे ट्रंप
उद्योगों के लिए अरबों डॉलर के पैकेज की घोषणा के साथ ट्रंप प्रशासन आम लोगों को तत्काल एक हजार डॉलर नकद भुगतान की योजना पर भी विचार कर रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने पैकेज की राशि तो नहीं बताई है, लेकिन वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक यह राशि 850 बिलियन डॉलर (लगभग 60 लाख करोड़) तक हो सकती है।
ब्रिटेन ने पैकेज की घोषणा की
ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने वायरस से जूझ रहे व्यवसायों की मदद के लिए 330 बिलियन पाउंड या 400 बिलियन डॉलर (लगभग 29 लाख करोड़) के एक पैकेज का एलान किया है। फ्रांस ने भी 50 बिलियन डॉलर (लगभग ढाई लाख करोड़ रुपये) के पैकेज की घोषणा की है।
अमेरिका के सभी राज्यों में फैला संक्रमण
अमेरिका में कोरोनावायरस के संक्रमण से अब तक 109 लोगों की मौत हुई है। जबकि 6,500 लोग संक्रमित हुए हैं। अब इस महामारी का प्रकोप देश के सभी 50 राज्यों में दिखाई देने लगा है। वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक मरने वालों में अधिकांश की उम्र 70 वर्ष से अधिक है। अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने कहा कि सेना पचास लाख मास्क उपलब्ध कराएंगी। वाशिंगटन प्रांत में 26 फरवरी को पहली मौत हुई थी। टाइम मैग्जीन की वेबसाइट के मुताबिक, अमेरिका में टेक्सास की एक अदालत ने फांसी की सजा की तामील पर 60 दिन की रोक लगा दी है।
नेताओं ने खतरे को कम करके आंका
राजनीतिक नेताओं ने कोरोनावायरस से उत्पन्न खतरे को कम करके आंका है। यह आरोप यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लेयन ने लगाया है। उन्होंने कहा कि जो उपाय अब किए जा रहे हैं वह उपाय दो या तीन सप्ताह पहले किए जाने चाहिए थे। अब हमें इस वायरस से लंबे समय तक जूझना होगा।
ईरान में 147 और लोगों की मौत
ईरान में 147 और लोगों की मौत हुई है। यह एक दिन में होने वाली सबसे अधिक मौतें हैं। देश में अब तक 1135 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 1192 मामले सामने आए हैं। संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 17,161 हो गई है। स्वास्थ्य उपमंत्री ने कहा है कि हम सभी इस बीमारी से अच्छी तरह परिचित हैं, लेकिन अभी भी कुछ लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

