नई दिल्ली:टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने 27 टेस्ट शतक और 43 वनडे शतक लगाए हैं। वनडे में उन्होंने 11,000 से अधिक रन बनाए हैं। अधिकांश लोगों का विश्वास है कि वह सचिन तेंदुलकर के 100 शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। आधुनिक युग के बेस्ट बल्लेबाज होने के बावजूद कप्तान के रूप में कोहली ने अब तक कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। यही नहीं वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को भी आईपीएल ट्रॉफी नहीं जितवा पाए हैं। स्टार स्पोर्ट्स के शो ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में बात करते हुए पूर्व कप्तान और बल्लेबाज गौतम गंभीर ने कहा कि कोहली को अपने करियर में अभी बहुत कुछ हासिल करना है।
गौतम गंभीर से पूछा गया था कि कोहली को अभी तीन कौन सी उपलब्धियां हासिल करनी है? इस सवाल का जवाब देते हुए 38 साल के गौतम गंभीर ने कहा, ”एक टीम के रूप में बहुत कुछ हासिल करना है कोहली को। आप निजी स्तर पर लगातार रन बना सकते हैं। ब्रायन लारा जैसे लोग हैं, जिन्होंने बहुत रन बनाए हैं। जैक कैलिस ने भी बहुत कुछ नहीं जीता। ईमानदारी से कहूं तो कोहली ने भी कप्तान के रूप में अभी कुछ नहीं जीता है।”
गंभीर ने कहा, ”अभी बहुत कुछ है, जो विराट कोहली का हासिल करना है। लेकिन मेरे लिए एक टीम में जब तक आप कुछ ट्रॉफी नहीं जीतते, तब तक आपको गंभीरता से नहीं लिया जाएगा। आपके पूरे करियर में भी।”
उन्होंने कहा कि कोहली को यह जानना चाहिए कि सभी खिलाड़ी निजी रूप से अलग हैं। यह आप पर निर्भर है कि आप कैसे उनका बेस्ट निकलवा पाते हैं। गंभीर ने कहा, ”निश्चित रूप से वह सबसे अलग हैं। बहुत से दूसरे खिलाड़ियों में कोहली जितनी क्षमताएं नहीं हैं। कप्तान के रूप में कोहली को खिलाड़ियों को उसी रूप में स्वीकार करना होगा जैसे वे हैं। आप उनकी तुलना मत करिए। आप इंटेंसिटी की इंटेंसिटी से तुलना करिए, क्योंकि हर खिलाड़ी निजी रूप से अलग होता है।”
उन्होंने आगे कहा, ”हर खिलाड़ी में अच्छा बुरा होता है, उसकी अपनी ताकत और कमजोरियां होती हैं। इन्हीं सब चीजों से मिलकर अच्छी टीम बनती है। आपको इन सबको मिलाकर बेस्ट टीम बनानी होती है।”
उन्होंने कहा, ”मोहम्मद शमी कभी जसप्रीत बुमराह नहीं बन सकते। या इशांत शर्मा कभी बुमराह नहीं बन सकते। या केएल राहुल कभी कोहली नहीं बन सकते। इसी तरह श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे में कभी कोहली जितनी इंटेंसिटी और प्रतिभा नहीं हो सकती। लेकिन आप किस तरह उनसे बेस्ट निकलवाते हैं, किस तरह आप विपरीत परिस्थितियों में आप उनका इस्तेमाल करना है, तभी आप टीम को वर्ल्ड टाइटल्स जितवा सकते हैं।”

