नई दिल्ली:ओलंपिक के जन्मदाता स्थल एथेंस में टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलो की मशाल कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए खाली स्टेडियम में सौंपी जाएगी। यूनान ओलंपिक समिति ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी। यूनान ने गत शुक्रवार को ओलंपिक मशाल की घरेलू रिले को रद्द कर दिया था ताकि इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा ना हो। समिति ने कहा,“ओलंपिक खेलों की मशाल सौंपने का समारोह 19 मार्च को होना है और यह खाली स्टेडियम में किया जाएगा जहां दर्शकों की उपस्थिति नहीं होगी।”
1896 ओलंपिक खेलों के स्थल एथेंस स्टेडियम में ओलंपिक मशाल अगले मेजबान शहर को सौंपने के समारोह में हजारों दर्शक जुटते हैं। यूनान में खुद कोरोना के 228 मामलों की पुष्टि हुई है। जापान को टोक्यो ओलंपिक की मेजबानी करनी है और प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि इन खेलों का आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।
वहीं, कोरोना वायरस के बढ़ते खतरों को रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने लुसाने स्थित अपने मुख्यालय में सभी कर्मचारियों को सोमवार से घर से ही काम करने को कहा है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, आईओसी ने एक बयान जारी करके कहा कि लुसाने स्थित उसके मुख्यालय के सभी कर्मचारी सोमवार से घर से ही काम करेंगे।
ओलंपिक संग्रहायलय में प्रतिदिन करीब 1000 पर्यटक आते हैं और इसलिए सोमवार से इस संग्रहालय को भी दो सप्ताह के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। उसके बाद फिर से स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
आईओसी ने एक बयान में कहा, “कोविड-19 संक्रमण में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई उपाय किए जा रहे हैं। अंतरार्ष्ट्रीय ओलंपिक समिति कोरोना वायरस के बढ़ते खतरों को रोकने के लिए मदद चाहता है। वहीं, 24 जुलाई से शुरू होने वाले टोक्यो ओलंपिक खेलों की तैयारियों पर पूरी गति से काम जारी है और यह आईओसी की मुख्य प्राथमिकता है।”

