लुसाने:अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने अपनी प्रो लीग को कोरोना वायरस के खतरे के कारण 15 अप्रैल तक स्थगित करने का फैसला किया है। एफआईएच ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के परामर्श और अन्य देशों द्वारा कोरोना को लेकर उठाए गए कदमों के मद्देनजर प्रो लीग को तत्काल प्रभाव से 15 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया है।
एफआईएच ने एक बयान जारी कर साथ ही कहा कि हालात को देखते हुए 15 अप्रैल के बाद और टोक्यो ओलंपिक से पहले यदि मैचों का आयोजन संभव हुआ तो मैच आयोजित किए जाएंगे लेकिन लीग का कोेई भी मैच टोक्यो ओलंपिक के बाद नहीं खेला जाएगा।
बता दें कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के प्रतिनिधिमंडल ने कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर रविवार को अपना टोक्यो दौरा स्थगित करने का फैसला किया। आईओए का प्रतिनिधिमंडल कुछ सरकारी अधिकारियों के साथ इस वर्ष होने वाले टोक्यो ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों का जायजा लेने 25 मार्च को टोक्यो जाने वाला था लेकिन दुनियाभर में फैले कोरोना वायरस को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरे को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया है।

