बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने इस साल भी रक्षाबंधन का त्योहार अपनी बहन कृतिका आर्यन के साथ बेहद खास और प्यारे अंदाज में मनाया। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में भाई-बहन के बीच की खूबसूरत बॉन्डिंग के साथ-साथ उनका मस्ती भरा अंदाज भी देखने को मिला।
कार्तिक ने तस्वीरों की एक सीरीज साझा की है, जिसमें वह अपनी बहन के साथ रक्षाबंधन की रस्में निभाते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में कृतिका उन्हें मिठाई खिलाती दिखाई दे रही हैं, जबकि कार्तिक हाथ जोड़कर भाई होने की अपनी जिम्मेदारी निभाते नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में दोनों अपने प्यारे पेट्स के साथ मस्ती करते हुए नजर आ रहे हैं।
कार्तिक ने पोस्ट के कैप्शन में अपने खास मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘राखी डन, आशीर्वाद क्रेडिटेड, जेब खाली’। अभिनेता के इस कैप्शन ने रक्षाबंधन के उस मजेदार पहलू को बयां कर दिया, जिससे लगभग हर भाई आसानी से खुद को जोड़ सकता है।
तस्वीरों में कृतिका हल्के हरे रंग के खूबसूरत पारंपरिक आउटफिट में नजर आ रही हैं, जबकि कार्तिक ने कैजुअल और आरामदायक लुक चुना है। दोनों की तस्वीरों में उनकी सहज और मजबूत भाई-बहन की बॉन्डिंग साफ दिखाई दे रही है।
कार्तिक और कृतिका की यह रक्षाबंधन सेलिब्रेशन सिर्फ त्योहार की रस्मों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें ढेर सारी हंसी-मजाक, प्यार और पारिवारिक गर्मजोशी भी देखने को मिली। अभिनेता का ‘जेब खाली’ वाला मजाकिया अंदाज सोशल मीडिया पर उनके फैंस को भी खूब पसंद आ रहा है।
कार्तिक आर्यन ने बहन कृतिका संग मनाया रक्षाबंधन, मजेदार अंदाज में बोले- ‘राखी डन, आशीर्वाद क्रेडिटेड, जेब खाली’

