पटना:कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी रविवार को पटना के गांधी मैदान में जन आकांक्षा रैली को संबोधित करेंगे। लंबे समय बार बिहार में कांग्रेस अपने बल पर बड़ी रैली कर रही है। इसके माध्यम से कांग्रेस के साथ विपक्षी महागठबंधन का शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। रैली को लेकर गांधी मैदान में समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई है। राहुल गांधी इस रैली में तेजस्वी यादव के साथ पहुंच चुके हैं। रैली के मंच पर कांग्रेस शासित तीन राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।
रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने राहुल को पीएम मैटेरियल तथा नरेंद्र मोदी को झूठ की फैक्ट्री बताया।
राहुल का पीएम मोदी पर तंज
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना की। कहा कि पीएम मोदी व सीएम नीतीश कुमार केवल झूठे वादे करते हैं।
राहुल ने कहा कि बजट में मोदी ने बिहार के किसानों को ठगा। आाधी रात को मोदी ने नोटबंदी की घोषणा कर देश को लाइन में खड़ा कर दिया। काला धन को सफेद करने का बहाना बना पांच सौ व हजार के नोट बंद कर देते हैं, लेकिन दो हजार के नोट चला देते हैं। लाइन में खड़ा कर जेब से पैसे निकाला। उधर, माल्या, मेहुल चौकसी जैसे लोगों की जेब में पैसे गए।
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि हर आदमी के खाते में 15 लाख रुपये मिलेगें। मिल गए क्या? लेकिन हम हर गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी देगी। हर आदमी के खाते में पैसा डालकर दिखाएगी।
राहुल ने कहा कि छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान में राजग की सरकारों ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। हमने कर्ज माफ करने का वादा किया और सरकार में आते ही सारा कर्ज माफ कर दिया। नरेंद्र मोदी किसानों के कर्जतो माफ नहीं करते, लेकिन उद्योगपतियों के साढ़े तीन लाख करोड़ माफ करते हैं।
राहुल ने कहा कि पहली हरित क्रांति कांग्रेस के शासन काल में हुई थी। देश की दूसरी हरित क्रांति भी छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान में कांग्रेस के काल में होगी। इसमें बिहार का नाम भी शामिल होगा। हमने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान की तरह पूरे देश का विकास करेंगे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले नारा लगता था कि अच्छे दिन आएंगे, अब नारा लगता है कि चौकीदार चोर है। चौकीदार चोर है, यह पूरा देश जानता है।
राहुल ने बिहार में विकास व रोजगार तथा सत्ता में आने पर पटना विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा देने का भी वादा किया। बिहार की शिक्षा व्यवस्था को भी चौपट बताया।
राहलु ने तेजस्वी को युवा व सच्चा नेता बताया।

