मुंबई। तेरापंथ भवन कांदिवली में चातुरमासार्थ विराजित आचार्य श्री महाश्रमण के विद्वान शिष्य आगम मनीषी प्रो. मुनि महेन्द्रकुमारजी आदिठाना-5 के सानिध्य में युथ इम्पावरमेंट सीरीज के तहत भव्य किशोर-कन्या कार्यशाला Tell me Why का शानदार आयोजन किया गया। जिसमें धर्म को वैज्ञानिक तरीके से मुनिवृन्द ने समझाया।
इस मौके पर जागृत मुनि ने कहा कि आशीर्वाद के दौरान हाथ से रेडिएट होकर एनर्जी मिलती है। आपकी जब कोई तारीफ करता है तो वह आपके लिए एनर्जी रिलीज करता है। जब एनर्जी बढ़ती है तो उसका साइड इफेक्ट होता है, उसे नज़र लगना कहते हैं। तारीफ के बाद रिप्लाय करने का तरीका बताया और बताया कि जब हम कहते हैं कि गुरुदेव की कृपा से तो हमारी एक्स्ट्रा एनर्जी गुरुदेव के पास जाती है। एनर्जी ट्रांसफर होती है।
डॉक्टर मुनि अभिजीत कुमार जी ने उपवास की वजहों पर प्रकाश डालते हुए साइंटिफिक तर्कों के जरिये समझाया कि उपवास से हमारे अंदर मौजूद डेड सेल्स खत्म होते हैं साथ ही अंदर की मशीनरी को आराम मिलता है। इस तरह उपवास से शरीर को स्वस्थ रहने में सहयोग तो मिलत ही है शरीर को तेजस्विता भी मिलता है। यह सब चीजें तमाम रिसर्च के जरिये साबित भी हुआ है। कैंसर के मामले बढ़े हैं इससे रात्रि भोजन का त्याग करके बचा जा सकता है। उल्लेखनीय है जैन धर्म में रात्रि भोजन को वर्जित माना गया है। नवकार मंत्र 108 बार क्यों गिनते हैं, इस पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि 108 का महत्व सभी धर्म में है। पृथ्वी से सूर्य की दूरी का एवं प्रकृति से भी 108 का गहरा संबंध है। साथ ही बताया कि हर इंसान की लंबाई खुद की उंगली से 108 अंगुल होता है।
इस दौरान सवाल जवाब सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें लिम्बू-मिर्ची क्यों लगाते हैं, प्रतिक्रमण क्यों, नाखून काटने के निश्चित दिन क्यों, साधु संतों के दर्शन क्यों करते हैं, जूठा क्यों नहीं छोड़ना चाहिए, रास्ते में दूध गिरने को अशुभ क्यों मानते हैं, मां-बाप के द्वारा बच्चों को धर्म के प्रति प्रेरित करना चाहिए कि नहीं जैसे सवालों के जवाब दिए गए एवं उनके वैज्ञानिक कारण पर प्रकाश डाला गया।
कन्या मंडल मुंबई तथा किशोर एवं कन्यामण्डल भायंदर ने बच्चों में संस्कार, ज्ञानशाला व दर्शन की उपयोगिता पर आधारित सुंदर प्रस्तुति दी। 8 सितंबर को होने जा रहे कार्यक्रम ‘युवान’ की घोषणा की गई। इस मौके पर विभिन्न उपनगरों से बड़ी संख्या में कन्या एवं किशोरों की उपस्थिति रही।
कांदिवली में “Tell me Why” के अंतर्गत युवाओं के लिए विशेष कार्यशाला का शानदार आयोजन

