वाशिंगटन: कैलिफोर्निया प्रांत के गवर्नर गेविन नेवसोम ने शुक्रवार को लॉस एंजिल्स और सोनोमा क्षेत्र में भीषण आग के प्रभाव और खतरे के देखते हुए राज्य में आपातकाल की घोषणा की है। कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग 5,000 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैल गई है। यह आग सोमवार को लॉस एंजेलिस से लगभग 65 किमी. दूर सैंटा क्लेरिटा में आग लगी थी।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, नेवसोम ने कहा, “मैं राज्य के संविधान के अनुसार प्राप्त अधिकारों को उपयोग करते हुए लॉस एंजिल्स तथा सोनोमा क्षेत्र में आग की भीषणता को देखते हुए आपातकाल की घोषणा करता हूं।” न्यूज एजेंसी ने बताया कि अब तक 500 घर जल चुके है। कई क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
सैंटा पाऊला निवासी महिला की जलने से मौत
इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि शुक्रवार को सैंटा पाऊला की निवासी महिला वर्जिनिया पेसोला (70) की मौत हो गई। आग से होने वाली यह पहली मौत है। सावधानी के तौर पर दमकल विभाग ने 50,000 लोगों को घर खाली करने का आदेश दिया है।
अस्तबल में गई घोड़ों की दम घुटने से मौत
इससे पहले गुरुवार देर रात सैन डियागो के अस्तबल में आग फैलने से कई घोड़ों की दम घुटने से मौत हो गई जबकि कुछ घोड़ों को समय रहते बचा लिया गया था। आग बुझाने के लिए 1000 कर्मचारी, 500 दमकल वाहन, एयर टैंकरों और हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है।
रविवार को बढ़ सकती है हवा की रफ्तार
नेशनल वेदर सर्विस के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार तक हवा की रफ्तार तेज हो सकती है। इससे पहले उत्तरी कैलिफोर्निया के वाइन कंट्री में भी बुधवार को जंगली झाड़ियों में आग भड़की थी। बाद में यह आग 16,000 एकड़ में फैल गई थी, जिसके बाद 2000 लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए गए थे।
लाखों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति प्रभावित
कैलिफोर्निया के उत्तरी हिस्से में बिजली कंपनियों ने लगभग 1,80,000 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। कंपनियों ने चेतावनी दी है कि दुर्घटनावश और आग के फैलने का खतरा कम करने के लिए बिजली कटौती बढ़ाई जा सकती है।
काउंटी शेरिफ मार्क एस्सिक ने ढ़ांढ़स बंधाया
सोनोमा काउंटी शेरिफ मार्क एस्सिक ने कहा, ‘‘दो साल पहले ही आग ने हमारे समुदाय को तहस-नहस कर दिया था। आग लगने के बाद बहुत सारे लोगों के लिए ये तनावपूर्ण और चिंताजनक समय है।’’ 2017-18 में भी इस क्षेत्र में आग लगी थी, जिसमें 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
कैलिफोर्निया में आपातकाल की घोषणा, 50 हजार लोगों को घर छोड़ने का आदेश

