मुंबई:भारतीय स्पिनर गेंदबाज हरभजन सिंह का मानना है कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स ने भारत को उनसे अधिक देखा है। हरभजन ने रोड्स से कहा कि अगली बार वह उन्हें भी साथ लेकर जाएं। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फील्डर में शुमार रोड्स इस समय अपने परिवार के साथ भारत में अपनी छुट्टियां मना रहे हैं। उन्होंने ऋषिकेश में गंगा स्नान किया। रोड्स ने पवित्र नदी गंगा में डुबकी लगाने वाली तस्वीर बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट की।
जोंटी रोड्स ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा, “पवित्र गंगा के ठंडे पानी में डुबगी लगाने के भौतिक और आध्यात्मिक दोनों लाभ हैं।” बता दें कि रोड्स ने ऋषिकेश में चल रहे योग फेस्टिवल में भी हिस्सा लिया था। रोड्स के दिल में भारत के लिए खासा लगाव है और अक्सर वह भारत के प्रति अपने इस प्यार को जाहिर भी करते रहते हैं।
बता दें कि जोंटी रोड्स और हरभजन सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के लिए एकसाथ काम कर चुके हैं। रोड्स मुंबई इंडियंस के कोच रह चुके हैं और हरभजन मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं।
जोंटी रोड्स ने लगाई गंगा में डुबकी, भज्जी बोले- आपने मुझसे ज्यादा भारत देखा है

