राजौरी: जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में लड़कियों और महिलाओं को इंटरनेशनल गर्ल चाइल्ड डे 2019 के मौके पर प्रशासन ने बड़ा तौहफा दिया है। प्रशासन ने मोटर वाहन विभाग के साथ मिलकर गुलाबी रंग के वाहन शुरू किए हैं। महिलाओं और लड़कियों की यात्रा को सुरक्षित और सम्माजनक बनाने के लिए इनकी शुरुआत की गई है।
जिला विकास आयुक्त (डीडीसी), राजौरी, मोहम्मद एजाज असद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), तुमगल मन्हास, अतिरिक्त उपायुक्त (एडीपी) राजौरी, शेर सिंह और इन्य अधिकारियों की उपस्थिति में शुक्रवार को महिंद्रा सुप्रो एक्सक्लूसिव महिला गुलाबी वाहनों का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए, डीडीसी असद ने कहा कि गुलाबी वाहनों को विशेष रूप से महिलाओं और छात्राओं के लिए लॉन्च किया गया है, जो जिले में कम्यूटेशन के दौरान महिलाओं को सम्मानजनक यात्रा की भावना प्रदान करने के प्रयास में है। “परिवहन विभाग ने एक सर्वेक्षण किया जिसमें यह सामने आया कि छात्राओं को भीड़भाड़ की वजह से सार्वजनिक परिवहन वाहनों में यात्रा करने पर समस्या होती थी। इस बात को ध्यान में रखते हुए ही हमने इन वाहनों को लॉन्च किया है।
ये पहल लड़कियों को सशक्त बनाने की दिशा में कदम है। छह से आठ सीटर वाले गुलाबी वाहन पुराने बस स्टैंड से जीएमसी एएच और ओल्ड बस स्टैंड से खंदली के बीच चलेंगे। असद ने कहा कि सेवा प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात 8:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इन मार्गों का चयन मोटर वाहन विभाग, राजौरी द्वारा किए गए सर्वेक्षण के बाद किया गया है।इस दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं से कहा कि वह भी बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओं अभियान के बारे में समाज में जागरूकता फैलाएं।
साथ ही उन्होंने जिले में अभियान को सफल बनाने में जनता का सहयोग मांगा। सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अंजार अहमद ने कहा, ‘हम इस तरह की और पहल करने की पूरी कोशिश करेंगे। मैं महिलाओं से आग्रह करूंगा कि वे इस सेवा का पूरी तरह से उपयोग करें क्योंकि यह सेवा उनकी बेहतरी के लिए शुरू की गई है।’
जम्मू-कश्मीर: प्रशासन ने दिया बेटियों को तौहफा, शुरू किए गुलाबी वाहन

