नई दिल्ली:जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि मेरे निमंत्रण को राहुल गांधी ने अनंतकाल तक के लिए समझ लिया। मैंने कहा था कि अगर आपको विश्वास नहीं है तो यहां आओ और दौरा कर लो। इसके बाद राहुल ने कहा कि मैं नजरबंद लोगों और सेना से मिलना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मैं इन शर्तों को स्वीकार नहीं कर सकता और इसलिए प्रशासन पर छोड़ दिया। आपको बता दें कि राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्ष के नेताओं और प्रेस के लोगों को श्रीनगर जाने का प्रयास करते समय प्रशासनिक क्रूरता और जम्मू कश्मीर के लोगों पर किये जा रहे बल के बर्बर प्रयोग का अहसास हुआ।
सत्यपाल मलिक ने कहा है कि हमने अनुच्छेद 370 को खत्म कर दिया और आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि हम कश्मीर के लोगों के लिए इतना काम करेंगे और ऐसा माहौल बनाएंगे कि पाक-अधिकृत कश्मीर में रहने वाले लोग भी कहेंगे – देखो, वह (जम्मू एवं कश्मीर) बसने के लिए आदर्श जगह है।
जम्मू कश्मीर में लोगों पर बल के बर्बर प्रयोग का अहसास हुआ : राहुल
पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को खत्म किए जाने के बाद हालात का जायजा लेने के लिए कश्मीर जाने का प्रयास कर रहे राहुल गांधी समेत विपक्ष के नेताओं को राज्य प्रशासन ने शनिवार को श्रीनगर एयरपोर्ट से बाहर जाने की इजाजत नहीं दी और उन्हें वापस दिल्ली भेज दिया था। उससे एक दिन पहले जम्मू कश्मीर प्रशासन ने एक बयान जारी कर राजनीतिक नेताओं को घाटी नहीं आने को कहा था क्योंकि इससे शांति और जनजीवन बहाल करने में दिक्कत होगी। राहुल ने एक ट्वीट में कहा, ‘जम्मू-कश्मीर के लोगों की आजादी और नागरिक स्वतंत्रता पर अंकुश लगाए हुए 20 दिन हो चुके हैं।’ उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं और प्रेस को प्रशासनिक क्रूरता और जम्मू-कश्मीर के लोगों पर किये जा रहे बल के बर्बर प्रयोग का अहसास हुआ, जब हमने शनिवार को श्रीनगर जाने की कोशिश की।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने शनिवार के घटनाक्रम का एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें दिखा है कि वह अधिकारियों को बताने का प्रयास कर रहे थे कि उन्हें राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने आमंत्रण दिया था । दरअसल, कुछ दिन पहले राहुल ने कहा था कि सरकार भले दावा कर रही हो लेकिन राज्य में स्थिति सामान्य नहीं है। उनके इस बयान पर मलिक ने कहा था कि उनका दौरा कराने के लिए वह एक विमान भेजेंगे।
वीडियो में दिख रहा है कि राहुल मीडिया से बात कर रहे हैं और उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ गए मीडियाकर्मियों से बदसलूकी और मारपीट की गयी। विपक्ष के दौरे को अनुमति नहीं मिलने के एक दिन बाद रविवार को प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें श्रीनगर से आ रही उड़ान में एक महिला राहुल गांधी को वहां लोगों को हो रही परेशानियों के बारे में बता रही थीं। उन्होंने वीडियो के साथ ट्वीट किया, ”कब तक यह चलता रहेगा?’ यह लाखों लोगों में एक हैं, जिन्हें चुप करा दिया गया और राष्ट्रवाद के नाम पर कुचल दिया गया।

