बेंगलुरु। जे.बी.एन. वी. कनेक्ट महिला व्यवसायिक समूह ने अपने चतुर्थ कार्यकाल के अंतर्गत तीसरे ऑफिस दर्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। यह आयोजन श्रीमती रंजना दोधिया के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जो कि आई.एस.ओ. प्रमाणित “मीडास टच ऐंड एकेडमी” की संस्थापक हैं। वे एक प्रतिष्ठित ब्राइडल और प्रोफेशनल मेकअप आर्टिस्ट हैं, जिनका स्टूडियो बसवेश्वरनगर, बेंगलुरु में स्थित है।
इस कार्यक्रम का संचालन जे.एल.डबल्यू. बेंगलुरु नॉर्थ की अध्यक्षा श्रीमती लक्ष्मी बाफना के कुशल मार्गदर्शन में हुआ। श्रीमती रंजना दोधिया को 16 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वे “नो-मेकअप” लुक के लिए जानी जाती हैं, जो प्राकृतिक सौंदर्य को निखारता है। वे एक प्रमाणित कॉस्मेटोलॉजिस्ट हैं और उन्हें सिंगापुर मेकअप अकादमी द्वारा सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उनके स्टूडियो में दी जाने वाली सेवाओं में हाइड्रोफेशियल्स, माइक्रोब्लेडिंग और लंबे समय तक टिकने वाला एलीगेंट मेकअप शामिल है, जिसमें विज्ञान और कला का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है।
उन्होंने लंदन मेकअप स्कूल, अर्चना ठक्कर, जैस्मिन ब्यूटी अकादमी सहित कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। साथ ही वे नियमित रूप से ग्रूमिंग और प्रोफेशनल मेकअप वर्कशॉप्स का आयोजन भी करती हैं। उनका सौम्य व्यवहार, घरेलू उपायों की जानकारी और साड़ी ड्रेपिंग की कलात्मकता हर रूपांतरण को एक जादुई अनुभव में बदल देती है।
इस अवसर पर 30 सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समन्वय अत्यंत कुशलता से श्रीमती मीना जैन (रेफरल हेड), श्रीमती लीला पितलिया (रेफरल लीड) एवं सीए सुखदेवी जैन (रेफरल सेक्रेटरी) द्वारा किया गया। यह आयोजन न केवल व्यावसायिक अनुभव साझा करने का एक सशक्त मंच बना, बल्कि महिलाओं को परस्पर प्रेरित करने एवं नेटवर्किंग को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध हुआ।
जे.बी.एन.वी. कनेक्ट महिला व्यवसायिक समूह द्वारा तीसरा ऑफिस दर्शन कार्यक्रम आयोजित

