मुंबई:सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद से उनके दोस्त संदीप सिंह ने एक्टर को लेकर कई बातों का खुलासा किया है। अब हाल ही में संदीप ने बताया कि वह जल्द सुशांत के साथ एक फिल्म बनाने वाले थे और इस फिल्म के जरिए सुशांत बतौर निर्माता अपना करियर शुरू करने वाले थे।
संदीप ने फिल्म का पोस्टर शेयर किया है जिसमें सुशांत सिंह राजपूत नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘तुमने मुझसे वादा किया था कि हम बिहारी भाई एक दिन इस इंडस्ट्री पर राज करेंगे। तुम्हारे और मेरे जैसे सपने देखने वाले युवाओं को प्रेरित करेंगे और उनका सपोर्ट सिस्टम बनेंगे। तुमने मुझसे कहा था कि बतौर निर्देशक मेरी शुरुआत तुम्हारे साथ होगी। इस फिल्म को राज शांडिल्य ने लिखा है और हम इसे साथ में प्रोड्यूस करने वाले थे। अब तुम्हारे चले जाने से मैं टूट गया हूं। मुझे बताओ कि मैं यह सपना कैसे पूरा करूंगा’।
संदीप ने आगे लिखा, ‘मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं यह फिल्म बनाऊंगा और इससे मैं सुशांत को श्रद्धांजलि दूंगा जिन्होंने लाखों लोगों को प्रेरित किया कि आप अपनी मेहनत से कुछ भी कर सकते हो’।
सुशांत को अंकिता बचा सकती थीं
संदीप ने इससे पहले सुशांत और अंकिता को लेकर लिखा था, ‘मुझे पता है कि केवल आप (अंकिता) ही उसे(सुशांत) बचा सकती थीं। काश, आप दोनों की शादी हो जाती जैसा कि हमने सपना देखा था। आप उसे बचा सकती थीं अगर वह बस आपको वहां रहने देता। आप उसकी प्रेमिका, उसकी पत्नी, उसकी मां, हमेशा के लिए उसकी सबसे अच्छे दोस्त थीं। मैं तुमसे प्यार करता हूं अंकिता। मुझे उम्मीद है कि मैं आप जैसे दोस्त को कभी नहीं खो सकता।’

