चंडीगढ़:हरियाणा में बीजेपी सरकार को सत्ता से हटाने की जुगत में कांग्रेस हुई है। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। कांग्रेस के इस घोषणापत्र में महिलाओं के विषयों पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा, गुलाम नबी आजाद और भूपिंदर हुड्डा की मौजूदगी में घोषणापत्र जारी किया गया। बता दें कि 21 अक्टूबर को हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है।
कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों और गरीब लोगों के लिए ऋण माफी का वादा किया। साथ ही कांग्रेस ने हरियाणा में नशीली दवाओं के खतरे को रोकने के लिए एसटीएफ के गठन का वादा किया है।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने इस दौरान कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा-पत्र में सरकारी और निजी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का वादा किया गया है।
घोषणापत्र में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस की सरकार अगर सत्ता में आई तो कांग्रेस हरियाणा में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार में हुये कथित घोटालों की जांच के लिए विशेष जांच पैनल का गठन करेगी।
2019 का विधानसभा चुनाव कार्यक्रम
हरियाणा में विधानसभा चुनाव 21 अक्टूबर को होंगे। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी। 90 सदस्यों वाली हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल दो नवंबर को खत्म हो रहा है। हरियाणा में 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में, भाजपा ने 47 सीट, इंडियन नेशनल लोकदल(आईएनएलडी) ने 19 जबकि कांग्रेस ने 15 सीटें जीती थी। वहीं हरियाणा जनहित कांग्रेस (एचजेसी) ने दो सीट, शिरोमणी अकाली दल(शिअद) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक-एक सीटें जीती थी। पांच निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी यहां चुनाव में जीत दर्ज की थी।
2014 के चुनावों की स्थिति
पार्टी सीट
भाजपा 47
INLD 19
कांग्रेस 15
एचजेसी 02
शिअद 01
बसपा 01
हरियाणा विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र

