नई दिल्ली: आयकर विभाग ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी के 254 करोड़ रु. के बेनामी शेयर को जब्त किया। आयकर अधिकारी ने बताया कि बेनामी प्रॉपर्टी ट्रांजेक्शन एक्ट के तहत रतुल के नाम पर बेनामी शेयर को जब्त करने का प्रोविजनल ऑर्डर जारी किया गया था।
उन्होंने बताया कि यह राशि ऑप्टिमा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. में एफडीआई निवेश के जरिए हासिल हुई। एक अन्य कंपनी एचईपीसीएल के नाम पर उन्होंने सौर पैनल आयात करने के लिए ज्यादा चालान बनाए और उसके जरिए 254 करोड़ कमाए। यह रतुल की एक शेल कंपनी है, जिसका संचालन दुबई में राजीव सक्सेना करता था। वह भी इस अगस्ता वेस्टलैंड (हेलिकॉप्टर) घोटाले का आरोपी है और ईडी की गिरफ्त में है।
इससे पहले, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को दिल्ली की अदालत में कहा था कि रतुल ने अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर घोटाले में रकम हासिल की थी। ईडी ने विशेष जज अरविंद कुमार के समक्ष दायर अंतरिम जमानत याचिका की सुनवाई के दौरान यह आरोप लगाए। अदालत ने कल रतुल की गिरफ्तारी पर एक दिन के लिए रोक लगा दी थी।
29 अगस्त तक गिरफ्तारी पर रोक लगी थी
हिंदुस्तान पावरप्रोजेक्ट्स प्रा. लि. के चेयरमैन रतुल पुरी ने 27 जुलाई को इस मामले में अंतरिम जमानत की मांग की थी जिसमें उन्हें 29 जुलाई तक राहत दी गई थी। पुरी के पक्ष में सुनवाई में शामिल वकील एएम सांघवी ने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा के दो सांसद मध्य प्रदेश के सत्तारूढ़ दल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब ईडी उन्हें गिरफ्तार करना चाहती है, क्योंकि उनके मामा राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
कमलनाथ की बहन के बेटे हैं रतुल पुरी
रतुल हिन्दुस्तान पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। उनसे मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पहले भी पूछताछ की जा चुकी है। वह नीता और दीपक पुरी के बेटे हैं। दीपक ऑप्टिकल स्टोरेज मोजरवेयर के सीएमडी हैं। नीता पुरी कमलनाथ की बहन हैं।
3600 करोड़ का हेलिकॉप्टर सौदा रद्द हुआ था
यूपीए की सरकार के वक्त वीवीआईपी के लिए 3600 करोड़ रुपए में अगस्ता हेलिकॉप्टर सौदा हुआ था। बाद में इसे भ्रष्टाचार और रिश्वत के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। ईडी और सीबीआई इस मामले की जांच में जुटी हुई हैं। जांच एजेंसियां इस मामले में कई आरोप पत्र दाखिल कर चुकी हैं।
हेलिकॉप्टर घोटाला:आयकर विभाग ने कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी के 254 करोड़ रु. के बेनामी शेयर जब्त किए

