कैनबेरा:आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप-ए में गुरुवार को हुए दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने एकतरफा मुकाबले में बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम को 86 रनों के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में पहुंचने की दावेदारी और मजबूत कर ली है। एलिसा हीली और बेथ मूने ने मिलकर ऑस्ट्रेलियाई टीम को 20 ओवर में 189/1 के स्कोर तक पहुंचाया। एलिसा 53 गेंद पर 83 रन बनाकर आउट हुईं और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं बांग्लादेश महिला टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 103 रन ही बना सकी।
टॉस ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। हीली और बेथ मूने ने मिलकर पहले विकेट के लिए 16.6 ओवर में 151 रनों की साझेदारी निभाई। मूने 58 गेंद पर 81 रन बनाकर नॉटआउट लौटीं, वहीं एश्ले गार्डनर ने 9 गेंद पर 22 रन ठोक डाले। ऑस्ट्रेलियाई बैटर्स ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया और टीम को 189 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। बांग्लादेश की ओर से इकलौता विकेट कप्तान सलमा खातून ने लिया। वहीं जवाब में बांग्लादेश की टीम कभी भी मुकाबले में नजर नहीं आई। बांग्लादशे की ओर से बेस्ट स्कोरर फरगना हक रहीं, जिन्होंने 36 रनों की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया की ओर मेगन स्कूट ने तीन, जेस जोनासन ने दो और अनाबेले सदरलैंड और निकोला कैरी ने एक-एक विकेट लिया। इस तरह से ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 86 रनों से जीत दर्ज की। ग्रुप-ए के प्वॉइंट टेबल पर नजर डालें, तो भारत 6 प्वॉइंट्स के साथ टॉप पर है, 4 प्वॉइंट्स के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरे और 2 प्वॉइंट्स के साथ न्यूजीलैंड तीसरे नंबर पर है। श्रीलंका और बांग्लादेश के खाते में फिलहाल एक भी प्वॉइंट नहीं हैं।

