सुरेंद्रनगर: कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल शुक्रवार को गुजरात के सुरेंद्रनगर में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मंच पर आकर हार्दिक को थप्पड़ मार दिया। हार्दिक के समर्थकों ने आरोपी को पकड़कर पीट दिया। पुलिस ने बीच बचाव कर युवक को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया। घटना के बाद हार्दिक ने कहा कि भाजपा मुझ पर हमले करवा रही है। वे मुझे जान से मारना चाहते हैं, लेकिन हम चुप नहीं रहेंगे। हार्दिक ने इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति का नाम तरुण गज्जर बताया जा रहा है।
तरुण ने हार्दिक को 14 युवकों की मौत का जिम्मेदार बताया
थप्पड़ मारने वाला व्यक्ति पाटीदार आंदोलन के दौरान मारे गए 14 युवकों की हत्या के लिए हार्दिक को जिम्मेदार ठहरा रहा था। वह हार्दिक के कांग्रेस में शामिल होने के विरोध में भी चिल्ला रहा था। तरुण गुजरात के महेसाणा जिले के कड़ी तालुका के जेसलपुर का रहने वाला है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।
हार्दिक ने कहा- हमलावर बाहरी है स्थानीय नहीं
पाटीदार आरक्षण आंदोलन समिति (पास) के पूर्व नेता हार्दिक का गुजरात गृहराज्य है। वे सुरेंद्रनगर जिले के वढवाण तालुका के बलदाणा गांव में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे। हार्दिक ने इस घटना के बाद भी अपना संबोधन जारी रखा। उन्होंने बाद में पत्रकारों से कहा कि यह उन्हें डराने के लिए भाजपा की साजिश है। हमलावर बाहरी है स्थानीय नहीं।
हार्दिक पटेल को चुनावी सभा में युवक ने थप्पड़ मारा, आरोपी को समर्थकों ने पीटा

