मुंबई:परिणीति चोपड़ा अपनी अगली फिल्म गर्ल ऑन द ट्रेन रीमेक में कॅरिअर का सबसे चैलेंजिंग रोल निभाने वाली हैं। वे इस फिल्म में एक शराबी के किरदार में होंगी। शराब को कभी हाथ तक नहीं लगाने वाली परिणीति ने खुद कहा है कि यह उनके लिए बहुत चैलेंजिंग रोल होगा। परिणीति बताती हैं, ‘मुझे याद मत दिलाइए। मुझे बहुत डर लग रहा है। मैं अभी से इसकी तैयारी शुरू करनेवाली हूं। यह एक ऐसा रोल है जो मैंने पहले कभी नहीं किया है। मैं अभी से यह सोच रही हूं कि मैं सेट पर जाकर क्या करूंगी। यह रोल मेरे लिए बड़ा चैलेंज होगा। इस फिल्म की शूटिंग लंदन में होने वाली है और मैं इस रोल को कतई हल्के में नहीं ले सकती हूं। मुझे हमेशा से ही एक ऐसी फिल्म करनी थी।’
मेथड एक्टिंग करेंगी परिणीति
‘इस फिल्म में मैं मेथड एक्टिंग करूंगी। मुझे एक शराबी का रोल निभाना होगा जो मैंने आज तक नहीं किया है। रियल लाइफ में मैं शराब नहीं पीती लेकिन मेरी प्रोफेशनल लाइफ का यही मजा है। यहां मुझे वो सारे रोल करने का मौका मिलता है जो मैंने पहले कभी नहीं किए हैं।’ परिणीति इस फिल्म में जो रोल करने वाली हैं उसे ऑरिजनल फिल्म में एमिली ब्लंट ने निभाया था।
कुछ यूं है फिल्म की कहानी
कहानी एक तलाकशुदा युवती की है जो लंदन में रहती है। वह रोजाना ट्रेन से अपने ऑफिस और नए घर तक का सफर तय करती है। संयोग से ट्रेन उसके पुराने घर के पास से होते हुए निकलती है जिसमें उसका एक्स हस्बैंड, नई बीवी और बच्चे के साथ रहता है। एक दिन सफर के दौरान वह युवती ऐसा कुछ देख लेती है, जो उसे हैरान कर देता है। फिल्म इसी इंसीडेंट के बारे में है। इस रीमेक की मूल फिल्म में लीड एक्ट्रेस एमिली ब्लंट थीं।

