मुंबई: अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुंबई में रहने वाले एक एनआरआई ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है। अभिनेत्री और उनके पति सतयुग गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड (एसजीपीएल) नाम की एक कंपनी के निदेशक रह चुके हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने इस कंपनी से गोल्ड स्कीम में 18 लाख रुपए इन्वेस्ट किया था, उस दौरान उन्हें पांच साल में एक निश्चित ग्रोथ देने का वादा किया गया था, लेकिन उन्हें बिना बताएं कंपनी बंद कर दी गई।
जोशी ने मुंबई में स्थित खार पुलिस स्टेशन में शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा, गणपति चौधरी, मोहम्मद सैफी सहित एसजीपीएल के दो अन्य अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की आपराधिक शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
यह है शिकायतकर्ता का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, सतयुग गोल्ड स्कीम द्वारा बेची गई पांच साल की स्वर्ण योजना के तहत खरीदारों को डिस्कांउट रेट पर ‘सतयुग गोल्ड कार्ड’ उपलब्ध कराया गया और पांच साल बाद सोने की एक निश्चित मात्रा की कीमत अदा करने का वायदा किया गया।
साल 2014 के मार्च में उन्होंने तब की कीमतों के आधार पर लगभग 18.58 लाख की कीमत अदा कर सोना खरीदा था। आज सोने की जो कीमत हैं, उसके हिसाब से उस वक्त निवेश किए गए सोने की कीमत 44 लाख के आसपास या उससे ज्यादा होती है, क्योंकि आज प्रति किलोग्राम सोने की कीमत 4.40 करोड़ के पार पहुंच गई है।
अचानक बंद कर दी कंपनी
हालांकि, पिछले साल मार्च में जब जोशी ने देय तिथि पर अपने खरीदे गए एक किलो सोने के भुगतान किए जाने का प्रयास किया, तो उन्होंने पाया कि मुंबई के बांद्रा कुर्ला इलाके में स्थित एसजीपीएल के कार्यालय में ताला लगा है। जांच में यह भी पता चला कि अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा, जो कंपनी के निदेशक थे, ने क्रमशः मई 2016 और नवंबर 2017 में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद उन्होंने कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का मन बनाया।

