मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के द्वारा लिखी किताब ‘अर्थसंकल्प: सोप्या भाषेत’ (बजट: आसान भाषा में) का मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विमोचन किया। बुधवार शाम को हुए कार्यक्रम में बोलते हुए उद्धव ने जहां फडणवीस की तारीफ की। वहीं, नोटबंदी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने फडणवीस की किताब पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह ऐसे ही शिवसेना सरकार के बजट पर किताब लिखते रहें।
उद्धव ने कहा, ‘आपने (फडणवीस) हमारे बजट से पहले अपनी किताब लिखी है। आप ऐसे ही अगले 5-10 साल तक हमारे बजट पर किताबें लिखते रहें। इससे हमें अपने हिस्से की कमियां पता चलेंगी।’ उद्धव के इस बयान के बाद सभागृह ठहाकों से गूंज उठा। वहां मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाई।
क्यों नहीं बजट में हुआ नोटबंदी का जिक्र: उद्धव
नोटबंदी का मुद्दा उठाते हुए ठाकरे ने कहा, ‘मैं हमेशा सोचता हूं कि नोटबंदी का जिक्र कभी उसके बाद आने वाले बजट में क्यों नहीं किया गया। जबकि छोटी-छोटी चीजें भी बजट में होती हैं। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि वह फैसला सही था या गलत।’ उन्होंने आगे कहा कि फडणवीस ने इस सब्जेक्ट को बहुत आसानी से बताया है ताकि आम आदमी को भी समझ में आ सके। इस दौरान डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि अमूमन विपक्षी नेता बजट पेश करने के दौरान हंगामा करते हैं लेकिन फडणवीस संयम से सुनते हैं।

