अबुजा: पश्चिमी अफ्रीका स्थित गिनी की खाड़ी में समुद्री लुटेरों ने तेल टैंकर ड्यूक पर हमला कर 20 भारतीयों को अगवा कर लिया। यह जहाज अंगोला के लुंडा से लुम (टोगो) जा रहा था। लुटेरों ने जहाज पर मौजूद नाइजीरियाई नागरिक को छोड़ दिया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने सोमवार को बताया कि घटना 15 दिसंबर की है। जहाज एमटी ड्यूक के 20 चालक दल का अपहरण चिंता का विषय हैं। इलाके में इस साल अपहरण की यह तीसरी घटना है। अबुजा स्थित हमारे अधिकारियों ने इस विषय को नाइजीरिया और पड़ोसी देशों के सामने उठाया है।
जहाज और चालक दल का पता लगाने के लिए स्थानीय अधिकारियों से बातचीत जारी
ड्यूक मैनेजमेंट (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर ने बताया, ‘‘सोमवार तड़के जहाज से संपर्क टूट गया। हम जहाज और चालक दल का पता लगाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। पायरेसी रिपोर्टिंग सेंटर ने जानकारी दी कि 15 दिसंबर को स्थानीय समयानुसार सुबह 7-8 बजे के बीच समुद्री लुटेरों का हमला हुआ था।’’

