नई दिल्ली:कोरोना वायरस से संक्रमित ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की स्थिति बिगड़ने के बाद उन्हें लंदन के सेंट थॉमस अस्पताल के आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। इस खबर के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने उनके लिए प्रार्थना की है। जॉनसन के आईसीयू में भर्ती होने के बाद ब्रिटेन के विदेश मंत्री डोमिनिक राब ने फिलहाल उनका कार्यभार संभाल लिया है।
इससे पहले ब्रिटेन की सरकार ने सोमवार (6 अप्रैल) को कहा था कि प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कोविड-19 से जुड़ी कुछ “नियमित जांच” के लिए रातभर अस्पताल में रहने के बाद अब ठीक महसूस कर रहे थे। लेकिन सोमवार रात तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती करना पड़ा।
सौरव गांगुली ने इस खबर के मिलने के बाद ट्वीट करते हुए लिखा- माननीय प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन इस सब से जल्दी बाहर आ जाएंगे। वह मेरे पसंदीदा देशों में से एक का फिर से नेतृत्व करेंगे… हम प्रार्थना करते हैं।
बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण से दुनिया भर में सोमवार (6 अप्रैल) तक 70,009 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है। एएफपी ने विभिन्न सरकारी स्रोतों से यह आंकड़ा संकलित किया है। चीन में दिसंबर में वायरस से संक्रमण का पहला मामला आने से लेकर अभी तक दुनिया के 191 देशों में 12,77,580 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से कम से कम 2,43,300 लोगों के संक्रमण मुक्त होने की सूचना है।

