शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ घसीटाराम हलवाई के पारिवारिक पृष्टभूमि पर बुनी गई है। फिल्म में बाप-बेटी के प्रेम को बड़े अच्छे ढंग से परदे पर प्रदर्शित किया गया है। फिल्म में इरफान खान, राधिका मदान, दीपक डोबरियाल, करीना कपूर, डिम्पल कपाडिया, पंकज त्रिपाठी, किकू शारदा आदि कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई है। मैडडॉक फिल्म्स एवं लंदन कॉलिंग प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है।
कहानीः राजस्थान के उदयपुर में रहने वाले घसीटाराम मिठाई वाले के लंबे-चौड़े परिवार की तीसरी पीढ़ी के बीच आपसी मुकदमा चल रहा है कि उनका असली वारिस कौन है। जो असली वारिस होगा वही उनके नाम का बोर्ड लगा सकता है। एक पक्ष चंपक गोस्वामी (इरफान खान) है जबकि दूसरा कमल गोस्वामी (दीपक डोबरियाल)। मुकदमा अदालत में चल रहा है लेकिन परिवार में कोई पंगा नहीं है सभी आपस में एक-दूसरे से बातचीत करते हैं, साथ में खाते-पीते, मस्ती करते हैं। इसी बीच चंपक की बेटी तारू (राधिका मदान) जो यहीं पढ़ रही है विदेश जाना चाहती है, जिसके लिए चंपक राजी नहीं होता। वह तारू को कहता है कि – ‘बेटा हमारा धंधा भले ही मिठाई का है लेकिन हमने वफादारी नमक के साथ की है।’ तारू कहती है पापा मैं खूब पढ़ूंगी और अच्छा नंबर लाऊंगी लेकिन आप मुझे लंदन भेज दो। आखिर चंपक झूठ-मूठ का हां यह सोचकर बोल देता है कि नंबर तो आना नहीं है, तो हां बोलने में क्या हर्ज है। लेकिन तारू मेहनत करती है और हमेशा 50% लाने वाली तारू इस बार 85% ले आती है और लंदन जाने के लिए उसका सिलेक्शन हो जाता है। तारू को छोड़ने चंपक और कमल लंदन जाना चाहते हैं लेकिन एयरपोर्ट पर ये दोनों ठीक से जवाब नहीं दे पाते जिसकी वजह से इन्हें जाने भी नहीं दिया जाता और पासपोर्ट भी आगे के लिए ब्लॉक कर दिया जाता है। उधर तारू लंदन पहुंच जाती है और इधर चंपक परेशान। लेकिन बेटी को लेकर काफी परेशान होता है और बेटी के पास जाने की कोशिशें शुरू कर देता है और उससे मुकदमा लड़ रहा उसका भाई कमल उसका साथ देता है… लेकिन वह लंदन जा पाता है कि नहीं? पासपोर्ट मिलता है कि नहीं? वहां बेटी तारू क्या करती है, उसका पढ़ाई के लिए एडमिशन होता है कि नहीं, यह सब जानने के लिए एक बार थिएटर जाकर फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ जरूर देखें।
अभिनयः ‘अंग्रेजी मीडियम’ के जरिए लंबे समय बाद इरफान की वापसी अच्छी है, इसमें कोई शक नहीं कि इस बार भी इरफान ने हमेशा की तरह अपने अभिनय का छाप छोड़ा है। तारू के किरदार में राधिका मदान बहुत प्यारी लगी हैं तो चंपक के चचेरे भाई के किरदार में दीपक डोबरियाल, किकू शारदा और रणवीर शौरी की भूमिका मजेदार है। ट्रेवल एजेंट बने पंकज त्रिपाठी ने भी हमेशा तरह अलग दिखे हैं तो लंदन में पुलिस ऑफिसर के किरदार में करीना कपूर और उनकी मां की भूमिका निभा रही डिंपल कपाडिया अपने किरदार को परदे पर अच्छा जिया है। बाकी किरदारों ठीक ठाक हैं।
निर्देशनः फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। इंटरवल से पहले की कहानी पर काफी मजबूत पकड़ बनाकर रखी है लेकिन इंटरवल बाद कहानी पर उनकी पकड़ थोड़ी कमजोर पड़ी है बावजूद इसके उन्होंने दर्शकों को बांधे रखने में कोई कमी नहीं छोड़ी है। फिल्म में संगीत को खास महत्व नहीं दिया गया है, जिसकी कमी खलती है। भावनात्मक ताने-बाने के साथ बनी यह फिल्म अच्छी है, जो दर्शकों को काफी पसंद आएगी।
‘सुरभि सलोनी’ की तरफ से ‘अंग्रेजी मीडियम’ को 4 स्टार।
- दिनेश कुमार (dinesh@surabhisaloni.com)

