एलोवेरा का नाम ज्यादातर लोगों ने जरूर सुना होगा। यह एक औषधीय पौधा है, जिसका इस्तेमाल कई तरह से किया जाता है। इसे ग्वारपाठा, घीकवार और धृतकुमारी के नाम से भी जाना जाता है। इसका इस्तेमाल सर्दी और गर्मी, दोनों ही मौसमों में कर सकते हैं। यह स्किन हर नहीं पूरी बॉडी की हेल्थ के लिए काफी फायदेमंद है। आइए जानते हैं इसके फायदों के बारे में …
इम्युनिटी बढ़ाए और वजन घटाए
डायबिटीज में फायदेमंद- एलोवेरा जूस या इसके जेल के सेवन से डायबिटीज की समस्या में भी फायदा पहुंचता है। इसके सेवन से ब्लड शुगर का स्तर नॉर्मल रहता है।
इम्युनिटी मजबूत करता है- एलोवेरा में भरपूर मात्रा में विटामिन ए, बी-1, बी-2, बी-6, बी-12, विटामिन-सी, विटामिन-ई, फॉलिक एसिड पाए जाते हैं।
वजन कम करे- एलोवेरा वजन करने में भी मददगार होता है। कई हेल्थ प्रोडक्ट्स में इसका इस्तेमाल किया जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। ये शरीर से फ्री रेडिकल्स निकालने में भी मदद करता है।
डाइजेशन बेहतर करता है- एलोवेरा जूस शरीर को डीटॉक्सीफाई करता है, जिससे डाइजेशन बेहतर होता है। एलोवेरा जूस और जेल दोनों से ही कब्ज की समस्या दूर होती है।
स्किन और बालों के लिए भी फायदेमंद
झड़ते बालों की समस्या दूर करता है- एलोवेरा में प्रोटियोलिटिक एंजाइम मौजूद होते हैं, जो स्कैल्प की कोशिकाओं की मरम्मत करते हैं। एलोवेरा का इस्तेमाल कंडीशनर के तौर पर भी किया जाता है। इससे बाल मजबूत बनते हैं, स्कैल्प की एलर्जी से छुटकारा मिलता है और डैंड्रफ दूर होता है। एलोवेरा जेल को नारियल के तेल में मिलकार बालों की जड़ों में मसाज करने से काफी फायदा होता है।
स्किन के लिए- एलोवेरा से स्किन को काफी फायदे होते हैं। चेहरे पर एलोवेरा जेल लगाने से झुर्रियां, दाग-धब्बे, मुंहासे आदि समस्याएं दूर हो जाती हैं। एलोवेरा से टैनिंग की समस्या भी दूर हो जाती है। इसके अलावा किसी कीड़े के काटने पर एलोवेरा जेल लगाने से भी फायदा होता है।
रूखी स्किन के लिए- सर्दियों के मौसम में अधिकतर लोगों की स्किन रूखी और बेजान हो जाती है। रूखी स्किन से राहत पाने के लिए एलोवेरा जेल में एक चुटकी हल्दी पाउडर, एक चम्मच शहद, एक चम्मच दूध और कुछ बूंदे गुलाब जल की मिलाएं। इन सबको अच्छे से मिलाकर कम से कम 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर चेहरा ताजे पानी से धो लें।
मुंहासों की समस्या दूर करे
निखार के लिए- यह बहुत अच्छा क्लींजर है। ये त्वचा की ऊपरी सतह पर मौजूद गंदगी और डेड सेल्स को साफ करने का काम करता है, जिससे चेहरे पर निखार आ जाता है। अगर आपके पास एलोवेरा जेल है तो अच्छी बात है, वरना आप एलोवेरा की एक स्टिक को बीच से काटकर उसके गूदे को भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
मुंहासों में फायदेमंद- एलोवेरा में एंटी-इंफ्लेमेट्री गुण पाए जाते हैं। ये मुंहासों और दानों की समस्या दूर करने में बहुत कारगर साबित होता है। ऐलोवेरा जेल में शहद मिलाकर मिश्रण बना लें। इस मिश्रण को रोजाना चेहरे पर लगाएं। जल्द ही मुंहासों से राहत मिलेगी।
(इस आलेख में दी गई जानकारी पर अमल करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।)
एलोवेरा के फायदे

