दिनेश चक्रवर्ती/सुरभि सलोनी।।
—————————
मंजरी मिश्रा, एक जिम्मेदार एम्पलाई, मंजी हुई थिएटर कलाकार और बेहद मेहनती लड़की। जी हां, हम किसी की यूं ही तारीफ नहीं कर रहे हैं बल्कि यह सब खुद अपनी आंखों से देखी हुई बात है। पिछले दो-तीन बार ‘मुबू टीवी’ के दफ़्तर जाना हुआ। वहां एक खूबसूरत लड़की कभी यहां, कभी वहां, कभी स्क्रिप्ट लेकर आ रही है तो कभी किसी और काम को लेकर चर्चा कर रही है। कभी रिहर्सल करते दिखती तो कभी कस्ट्यूम को लेकर बॉस से डिस्कशन करते। हमने भी ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन उसकी चहलकदमी अपने आप ही नोटिस में आ जाती। हमने चैनल के सीईओ/डायरेक्टर मनीष श्रीवास्तव जी से किसी टीवी एक्ट्रेस के इंटरव्यू की इच्छा जताई तो उन्होंने कहा मंजरी का कर लीजिए और उन्होंने मंजरी से मिलवाया। मैं थोड़ा इधर-उधर देखा, कुछ अटपटा सा लगा कि यह मंजरी यहां एम्पलाई हैं या एक्ट्रेस! लेकिन जब बातों का सिलसिला शुरू हुआ और मंजरी के बारे में जाना तो वाकई उनकी तारीफ किए बिना मैं भी नहीं रह पाया। सुरभि सलोनी से बातचीत में मंजरी ने अपने व अपने एक्टिंग कैरियर के बारे में खुलकर बात की।
‘मुबू टीवी’ के ड्रीम प्रोजेक्ट धारावाहिक सीरियल ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ से छोटे परदे पर एंट्री कर रही मंजरी मिश्रा ऊषा गांगुली के थिएटर ग्रुप रंगकर्मी के साथ देश-विदेश में सैकड़ों प्ले कर चुकी हैं। बचपन से ही मंजरी एक्टिंग में गहरी रुचि रखती हैं। अब तक वह 3500 से 4000 प्ले में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी हैं, जिनमें भारत के अलावा जर्मनी, पाकिस्तान, बांग्लादेश, आस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश भी शामिल हैं। उन्होंने जिन प्ले में काम किया है वे काशीनामा, रुदाली, लोककथा, हम मुख्तारा, मैय्यत, शरहद पार, मंटो, मुक्ति (बंगाली), मातादीन चांद पर, बेटी आई आदि शामिल हैं। मंजरी बहुत ही तेज, स्टेट फारवर्ड व बिंदास लड़की हैं। काफी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बावजूद आज भी इनके अंदर सीखने की लालसा झलकती है। मंजरी कहती हैं एक्टिंग किसी को सिखाया नहीं जा सकता, यह व्यक्ति के अंदर होती है।
बातचीत करते हुए मंजरी कहती हैं कि इतने सारे थिएटर प्ले करने के बाद जब कैमरा फेस किया तो यह अनुभव एकदम अलग सा लगा। 4 साल की उम्र से एक्टिंग कर रही हूं, और लगभग 15-16 साल मैंने थिएटर किया किया लेकिन कैमरे के सामने एक्टिंग करना इससे काफी अलग होता है। इनसे यह पूछने पर कि थिएटर के अलावा आप और क्या करना चाहती थीं, तो वह कहती हैं – एकाउंट्स में ऑनर करने के बाद मैंने अलग राह चुनने की कोशिश की लेकिन एक्टिंग से अलग नहीं हो पाई। कुछ दिन करने के बाद खुद इस तरफ खिंची चली आई और तीन साल पहले मुंबई आ गई। यहां कई फोटो शूट, कई ब्रांड्स के साथ मॉडलिंग, लक्मी फेशन वीक में रैंप वॉक करनो के अलावा मेकअप आर्टिस्ट नम्रता सोनी के साथ काम किया और उसके बाद अब ‘मुबू टीवी’ से जुड़ गई। धारावाहिक ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ में एक्टिंग तो कर ही रही हूं साथ ही अन्य तकनीकी कामों में भी हिस्सा ले रही हूं।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से ताल्लुक रखने वाली मंजरी कोलकाता में पली-बढ़ी हैं। पिता बिजनेस मैन हैं तथा मां हाउसवाइफ हैं। 1 भाई दो बहनों के बीच वह परिवार की इकलौती लड़की हैं जो एक्टिंग में अपना कैरियर बना रही हैं। उनके इस फैसले पर परिवार सहित दोस्त, टीचर्स व गांव के लोगों, सभी को गर्व है और उनके नवप्रदर्शित धारावाहिक का इंतजार भी है। ‘मूबू टीवी’ के डायरेक्टर व ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ के निर्माता-निर्देशक मनीष श्रीवास्तव के बारे में बात करते हुए काफी खुश होती हैं और कहती हैं मनीष सर, बेहद मेहनती, सपोर्टिव व खुशमिजाज इंसान हैं। वह एक्सीलेंट हैं। वे मेरे दादा (बड़े भाई) हैं। मैं उन्हें राखी बांधती हूं। इनके जैसे व्यक्ति का सपोर्ट जिसे मिल जाए उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। हम सब उनसे काफी कुछ सीखते हैं।
वे कहती हैं कि मै ऑडिशन देने आई। ज्यादा कुछ सोचा नहीं था। जैसे सभी ऑडिशन देती रही हूं, उसी तरह यहां भी आई थी। मनीष सर की नजर मुझ पर पड़ी, मैंने भी उन्हें देखा। लेकिन मुझे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वही इस सीरियल के निर्देशक हैं। मैं नॉर्मली जैसे सारे ऑडिशन देती रही हूं वैसे यहां से भी ऑडिशन देकर घर गई। लेकिन दूसरे दिन मुझे फोन आया कि मैं सेलेक्ट हो गई हूं। और आज आपके सामने हूं। ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ की शूटिंग कर रही हूं। जल्द ही छोटे परदे पर आपके सामने अपने किरदार में भी दिखूंगी।
बातचीत को आगे बढ़ाते हुए मंजरी बताती हैं कि ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ मेरा पहला टीवी धारावाहिक है जो बहुत ही अच्छी स्क्रिप्ट व कहानी पर आधारित है। इसकी स्क्रिप्ट देखते ही मैंने हां कर दी। इससे पहले ऑफर तो कई आए लेकिन मेरे मन का रोल नहीं मिला था। हमेशा से ही मेरा सपना रहा है कि लोग मुझे मेरी खूबसूरती या चेहरे से नहीं बल्कि मेरे काम से पहचानें। यही वजह रही कि मैंने काफी समय थियेटर करके खूब मेहनत की और सीखा भी। नवाजुद्दीन को अपना फेवरेट एक्टर मानने वाली मंजरी दीपिका पादुकोण जैसी एक्ट्रेस बनना चाहती हैं। वे कहती हैं कि दीपका ने भी अपनी मेहनत से मुकाम हासिल किया है और मैं भी उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए मेहनत करके मुकाम पाना चाहती हूं।
काम को लेकर वे कहती हैं कि फिलहाल तो ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ कर रही हूं और अपना पूरा ध्यान इसी पर लगाऊंगी। इसके अलावा अच्छे काम मिले तो जरूर सोचूंगी। ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ में अपनी भूमिका को लेकर उन्होंने बताया कि इसमें वह एक पीए (अंजलि) की भूमिका कर रही हैं जो मुख्य किरदार अंकिता की हर समस्या का समाधान करती है। अंकिता के लिए वह लड़ाई-झगड़ा तक कर लेती है। उल्लेखनीय है कि ‘रिटर्न ऑफ स्कूल डे’ ‘मूबू टीवी’ का बहुप्रतीक्षित होम प्रोडक्शन का धारावाहिक है जो 19 नवंबर से शुरू हो रहा है। इसे लेकर सभी खासे उत्साहित हैं।
आने वाले समय में अपने कैरियर पर चर्चा करते हुए हुए मंजरी कहती हैं कि मैं परदे पर भारतीय परंपरागत महिलाओं को रिप्रजेंट करना चाहती हूं। कोई व्यक्ति जब टिकट खरीदकर शो देखने जाए तो उसका पैसा वसूल होना चाहिए। हालांकि ग्लैमरस रोल से परहेज नहीं है। फिर भी काफी सोच-समझकर ही किरदार चुनूंगी।
एक्टिंग किसी को सिखाया नहीं जा सकता, यह व्यक्ति के अंदर होती हैः मंजरी मिश्रा

