राजकुमार गौतम, दुबौला, (बस्ती,उ.प्र.)। आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को सकुशल और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थाना कप्तानगंज के अंतर्गत चौकी क्षेत्र दुबौला में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव और चौकी प्रभारी दुबौला राकेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक, शांति सुरक्षा समिति के सदस्य, डीजे संचालक और दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान त्यौहार के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष ने दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी दुर्गा प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा कमेटी का गठन करें। साथ ही, पंडालों में आग बुझाने वाले उपकरणों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि डीजे पर अश्लील या भद्दे गाने बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त, दुर्गा प्रतिमाओं की ऊंचाई 6 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई। थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को उच्चाधिकारियों के आदेशों और निर्देशों से भी अवगत कराया, ताकि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।इस बैठक का उद्देश्य त्यौहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था। उपस्थित सभी लोगों ने पुलिस प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांति बनाए रखने में सहयोग करने का आश्वासन दिया। पुलिस प्रशासन ने भी जनता से अपील की है कि वे किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु दुबौला चौकी पर पीस कमेटी की बैठक संपन्न

