लखीमपुर खीरी (उप्र)। जिले में दुधवा बाघ अभयारण्य स्थित मंझरा के जंगलों में रेल पटरी के पास एक हाथी का शव मिला। अभयारण्य के क्षेत्र निदेशक संजय पाठक ने बताया कि ग्रामीणों ने शनिवार रात मृत हाथी देखकर वन अधिकारियों को खबर दी, जिसके बाद वह अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या लगता है कि करीब 20 वर्षीय हाथी दुर्घटना का शिकार हुआ है। ऐसा प्रतीत होता है कि हाथी रेलवे लाइन से सटे नाले को पार करते वक्त एक टीले से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान उसका पैर दलदली मिट्टी में धंस गया। इससे वह गिर गया और उठ नहीं पाया। उठने के लिये दम लगाने की कोशिश में अत्यधिक सांस फूलने से उसकी मौत हो गयी। पाठक ने बताया कि शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद उसकी मौत का वास्तविक कारण पता लगेगा।
दुधवा अभयारण्य में मृत पाया गया हाथी

