नई दिल्ली:दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ धुआंधार प्रचार कर रहे हैं। दिल्ली के एक जनसभा में उन्होंने शाहीन बाग और पाकिस्तान को लेकर अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है।
साथ ही उन्होंने कहा कि शाहीन बाग में प्रदर्शन तो सिर्फ बहाना है। ये तो कश्मीर से धारा 370 हटाने के खिलाफ और अयोध्या में राम मंदिर के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जब अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान समाप्त किये गए थे तो दर्द पाकिस्तान और अरविंद केजरीवाल को हुआ था।
साथ ही उन्होंने कहा कि शाहीन बाग प्रदर्शन शांति और सामान्य जनजीवन प्रभावित करने का दुर्भावनापूर्ण प्रयास है। योगी आदित्यनाथ बदरपुर में बीजेपी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचे थे।
इससे पहवे शनिवार को भी उन्होंने बीजेपी के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने कहा केजरीवाल को स्पष्ट करना चाहिए कि वह दिल्ली की जनता के साथ हैं या पाकिस्तान के साथ। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान का एक मंत्री केजरीवाल के समर्थन में अपील कर रहा है, यानी उसे दिल्ली की जनता पर विश्वास नहीं है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केजरीवाल अपने पाकिस्तान के आकाओं से कह करके अपने पक्ष में बयान दिलाए जा रहे हैं। इन चेहरों को पहचान लीजिए। ये देश की सुरक्षा के लिए घातक हैं।
दिल्ली चुनाव: मुख्यमंत्री योगी बोले- शाहीन बाग तो बहाना है, इनका प्रदर्शन राम मंदिर निर्माण के खिलाफ है

