अलीगढ़:उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में थाना देहलीगेट क्षेत्र के महफूज नगर में गुरुवार सुबह अपने घर में धार्मिक पाठ करने पर अधेड़ को पड़ोसी ने पीट दिया। धामिक किताब फाड़ दी और हारमोनियम भी तोड़ दिया। थाना पुलिस ने जब सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने विश्व हिन्दू महासभा के पदाधिकारी के साथ एसएसपी कार्यालय में एसपी क्राइम से शिकायत की। एसपी क्राइम के आदेश पर थाना पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोंडा रोड स्थित महफूज नगर निवासी पीड़ित व्यक्ति ने एसपी क्राइम डॉ. अरविंद कुमार को दिए शिकायत पत्र में कहा है कि वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। गुरुवार सुबह ड्यूटी से आने के बाद वह करीब नौ बजे अपने घर में धार्मिक पाठ करने के लिए बैठ गया। तभी पड़ोसी अपने कुछ लोगों को लेकर घर में घुस आया और धार्मिक पाठ करने से मना करने लगा। विरोध करने पर पड़ोसी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। वहीं पास में रखा हारमोनियम भी तोड़ दिया। इतना ही धार्मिक किताब फाड़ दी और अपने साथ ले गए। जाते वक्त धमकी तक दे डाली। पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार लगाई। एसपी क्राइम ने थाना देहलीगेट इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
इस संबंध में देहलीगेट इंस्पेक्टर इंद्रेश पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पड़ोसी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और मारपीट करने के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

