नई दिल्ली:पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने पाक टीम में उनके हिंदू होने की वजह से भेदभाव के शोएब अख्तर के आरोपों को सही ठहराया है। कनेरिया ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, शोएब ने सच कहा है। मैं जल्द ही उन खिलाड़ियों के नाम सामने लाऊंगा, जो मुझसे हिंदू होने की वजह से बात नहीं करते थे। मेरे पास अब तक यह सब बोलने का साहस नहीं था लेकिन अब मैं बोलूंगा।
इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने आरोप लगाया था कि उनके साथी खिलाड़ी रहे दानिश कनेरिया के साथ कुछ पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने पक्षपातपूर्ण बर्ताव किया और वे उसके साथ खाना भी नहीं खाते थे क्योंकि वह हिंदू था। अपने मामा अनिल दलपत के बाद पाकिस्तान के लिए खेलने वाले दूसरे हिंदू कनेरिया ने पाकिस्तान के लिये 61 टेस्ट में 261 विकेट लिए हैं। शोएब ने पीटीवी स्पोटर्स पर ‘गेम ऑन है’ कार्यक्रम में यह बात कही।
उन्होंने कहा, ‘मेरे कैरियर में मैने टीम के दो तीन खिलाड़ियों से लड़ाई भी की जब वे क्षेत्रवाद पर बात करने लगे थे। ‘कौन कराची से है, कौन पंजाब से या कौन पेशावर से, ऐसी बातें होनी लगी थी। क्या हुआ अगर कोई हिंदू है, वह टीम के लिये अच्छा खेल रहा है।’
शोएब ने आगे कहा कि, ‘वे कहते थे ‘सर ये यहां से खाना कैसे ले रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘उसी हिंदू ने इंग्लैंड के खिलाफ हमें टेस्ट जिताया। वह अगर पाकिस्तान के लिये विकेट ले रहा है तो उसे खेलना चाहिए। हम कनेरिया के प्रयास के बिना सीरीज नहीं जीत सकते थे लेकिन बहुत लोग उसे इसका श्रेय नहीं देते।
दानिश कनेरिया भी बोले, हिन्दू होने के चलते पाक टीम में सहना पड़ता था भेदभाव

