राजकुमार गौतम/बस्ती(उoप्रo): रविवार 30 जून 2019 को ग्राम अमौली नवीन फल मंडी स्थल संत रविदास मंदिर पर शाम 3:00 बजे ”भीम आर्मी भारत एकता मिशन” की मीटिंग संपन्न हुई, जिसमें काफी संख्या में पदाधिकारी एवं भीम आर्मी के कार्यकर्ता सम्मिलित थे मीटिंग में सामाजिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए चरचा-परिचर्चा हुई। संगठन को और मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ताओं के क्रियाकलापों की समीक्षा भी हुई।
हर्रैया विधानसभा अध्यक्ष आकाश राव ने बताया कि कार्यकर्ताओं के बीच सामंजस्य का होना अति आवश्यक है एवं सूचनाओं का आदान-प्रदान भी होता रहे, जिससे एक दूसरे के सहयोग में कोई बाधा ना उत्पन्न हो। नासिर अली ने अपने वक्तव्य में कहा कि संगठन धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए यदि संगठन में किसी विशेष धर्म को बढ़ावा दिया जाता है तो यह चिंतनीय विषय है क्योंकि भीम आर्मी एक सामाजिक संगठन है और इसको जाति या धर्म विशेष से नहीं जोड़ा जा सकता, सभी धर्म के लिए भीम आर्मी समभाव का विचार रखती है। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिला अध्यक्ष आशीष कुमार अनार्य ने कहा कि कि भीम आर्मी पिछड़ों दलितों अति पिछड़े एवं आदिवासियों के हितो की लड़ाई के लिए तत्पर है। अनार्य ने बताया कि हमारे पिछड़े, अति पिछड़े भाइयों को यह समझ लेना चाहिए की वह समाज के निचले पायदान यानी कि शूद्र वर्ण में आते हैं जिसको मनु ने सिर्फ उच्च वर्णों की सेवा के लिए बनाया था, आज समय आ गया है कि पिछड़े, दलित, आदिवासी एक हो संगठित हो और अपने अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध हो।
कमलेश सचान ”मंडल अध्यक्ष भीम आर्मी भारत एकता मिशन ” ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि हम अंबेडकरवादी हैं साहब ने कहा था कि शिक्षित बनो, संगठित बनो और संघर्ष करो हम शिक्षित हो गए लेकिन अभी संगठित नहीं हो पाए, इसके लिए हमें हर संभव प्रयास करना चाहिए, उन्होंने कहा कि संघर्ष तो हमारे रग रग में है हमारे पूर्वज 5000 वर्षों से संघर्ष करते आ रहे हैं अगर हम अपने अधिकारों की लड़ाई को विराम दे देंगे तो हमारी आने वाली नस्ल हमें तिरस्कृत भावना से देखेगी ।
कार्यक्रम में उपस्थित मंडल अध्यक्ष कमलेश सचान, भीम आर्मी जिला प्रवक्ता एडवोकेट बुद्धि प्रकाश, एडवोकेट महेंद्र, जिलाध्यक्ष आशीष नारायण भारतीय, ब्लॉक उपाध्यक्ष राम शंकर, ब्लॉक महामंत्री मूल चंद्र, ब्लॉक कोषाध्यक्ष अजय राव, ब्लाक महासचिव अभिषेक, हर्रैया ब्लाक अध्यक्ष शिव गणेश, हर्रैया विधानसभा अध्यक्ष आकाश राव एवम् बड़ी संख्या में सदस्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बस्ती में हुई भीम आर्मी भारत एकता मिशन की बैठक

