इंदौर:टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की मैदान पर वापसी हो चुकी है। बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज से उन्हें आराम दिया गया था और अब टेस्ट सीरीज में वो एक बार फिर टीम की कमान संभालेंगे। विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी और इसके बाद उन्हें वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया था। सोमवार को विराट इंदौर पहुंचे और मंगलवार को टीम इंडिया के साथ प्रैक्टिस सेशन में शामिल हुए। विराट मैदान पर वापसी करके काफी खुश नजर आए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्रेनिंग सेशन की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘ट्रेनिंग हो गई, लड़कों के साथ मैदान पर वापस आकर अच्छा लग रहा है।’ विराट ने इस ब्रेक के दौरान अपनी पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के साथ क्वॉलिटी समय बिताया। विराट ने अपना 31वां जन्मदिन भी मनाया था इस ब्रेक पर और इसके लिए वो अनुष्का के साथ भूटान गए थे।
भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच 14 नवंबर से इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। ये सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। भारत इस चैंपियनशिप के तहत पांच मैच खेल चुका है और सभी मैच जीतकर प्वॉइंट टेबल में टॉप पर है। वहीं बांग्लादेश इस सीरीज के साथ आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के सफर का आगाज करेगा।
ब्रेक से लौट कप्तान विराट कोहली ने जमकर बहाया पसीना

