- अफसरों ने पहुँच कर भीड़ के गुस्से को कराया शांत, पुलिस कार्रवाई में जुटी
- बसपा जिलाध्यक्ष ने नई प्रतिमा स्थापित करने की उठाई माँग
प्रभुनाथ शुक्ल/भदोही। यूपी के भदोही जिले के औराई के लक्ष्मणा गाँव में में अराजकतत्वों ने शुक्रवार की रात डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ दिया। प्रतिमा सीवन में स्थापित की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई। पुलिस प्रतिमा तोड़नेवालों की जाँच पड़ताल में जुट गई है।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के लक्ष्मणा गांव में वर्षो से निर्जन एवं सुनसान सिवान में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा तोड़े जाने की ख़बर लगते ही भारी संख्या में ग्रामीण और दूसरे लोग जमा हो गए। भीड़ अराजकतत्वों को गिरफ्तार कर कार्यवाही करने की माँग करने लगी। जानकारी मिलते ही एसडीएम चन्द्रशेखर व सीओ लेखराज सिंह भी मौके पर पहुँच गए। अधिकारियों ने अराजक तत्वों के खिलाफ कार्यवाही करने का भरोसा देकर भीड़ के आक्रोश को शांत कराया। एसडीएम चन्द्रशेखर ने कहा कि प्रतिमा तोड़ने वाल आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी, जिसके बाद भीड़ का गुस्सा शांत हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष कमला शंकर भारती भी मौके पहुंच गए।बसपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस तरह संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को तोड़ना संविधान मे आस्था रखने वाले लोगो की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से तत्काल नयी प्रतिमा स्थापित करने और आरोपितों को गिरफ्तार करने की माँग रखी। औराई पुलिस ने कहा है कि मामला बेहद संवेदनशील है। शांतिभंग करने की छूट किसी को नहीँ मिलेगी। पुलिस प्रतिमा तोड़नेवालों की तलाश में जुटी है, जल्द ही मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

