- भदोही में 20 लाख की आबादी के लिए 26 साल में भी नहीं बन पाया जिला अस्पताल
- प्रधानमंत्री मोदी से काशियाना फॉउंडेशन की अपील जल्द हो अस्पताल निर्माण
प्रभुनाथ शुक्ल/भदोही। पूर्वांचल के भदोही में 20 लाख की आबादी के लिए 26 सालों में एक जिला अस्पताल की सुविधा नहीँ उपलब्ध हो पाई है। जबकि की दुनिया में दस हजार करोड़ का कालीन विदेशों में निर्यात होता है। 12 साल से मुख्यालय सरपतहां में निर्माणाधीन जिला अस्पताल अभी तक नहीँ बन पाया है। इस सम्बन्ध में काशियाना फॉउंडेशन द्वारा वाराणसी स्तिथ प्रधानमंत्री जनसम्पर्क कार्यालय को ज्ञापन सौंपा गया है।
काशियाना फाउंडेशन के संस्थापक सुमित सिंह व भदोही की जनता की तरफ़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित पत्र बुधवार को वाराणसी स्थित कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक को बुधवार को सौंपा गया है। ज्ञापन में लिखा गया है कि भदोही आप के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से महज़ 20 किलोमीटर की दूरी पर है। इस जिले को गठित हुए आज 25 वर्ष से भी अधिक हो चुके किंतु जिले में आज न तो एक जिला अस्पताल उच्चस्तर का बन पाया और न ही एक भी विश्वविद्यलय।
भदोही से बीएचयू की दूरी जिला अस्पताल से 58 किलोमीटर पर है। कोई दुर्घटना होने पर भदोही के सरकारी अस्पताल सिर्फ मरहमपट्टी कर बीएचयू या मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। जिसकी वजह से कई लोगों को समय से इलाज न मिलने से मौत हो जाती है। जनपद भदोही का कुछ हिस्सा बनारस व कुछ हिस्सा मिर्जापुर जनपद में आता था। पर अब यह एक स्वतंत्र जनपद है साथ ही साथ भदोही का नाम कॉरपेट की वजह से विश्व में जाना जाता है।
15 वर्षों से जिले में एक अस्पताल बनाने कि क़वायद चल रही है। कुछ स्तर तक बना भी है पर किसी कारणवश अभी कार्य पूर्ण नहीँ हो पाया है। आज जब पूरा विश्व कोरोना जैसे भयंकर महामारी से जूझ रहा है, ऐसे में भदोही वासी अपने इलाज के लिये किसी और जिले के अस्पताल का चक्कर लगा रहें हैं।
सुमित सिंह ने बताया कि कई दिनों से सोशल मीडिया पर जिला अस्पताल को लेकर भदोहिवासी एकमत हैं पर सिर्फ सोशल मीडिया में एकमत होने से अस्पताल नहीं बनेगा। कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक ने कहा कि हम इस पत्र को संज्ञान में लेकर शीघ्र स्वास्थ्य मंत्री और सम्बन्धित मंत्रालय को भेजेंगे।

