नई दिल्ली:न्यूजीलैंड ने क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को भारत को सात विकेट से हरा दिया। जीत के लिए कीवी टीम को सिर्फ 132 रन चाहिए थे जो उसने चायकल से पहले ही 36 ओवरों में तीन विकेट खोकर बना लिए। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। यह भारत की आईसीसी टेस्ट चैम्पियनशिप में पहली सीरीज हार है।
सीरीज के पहले मैच में भारत को दस विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा था। भारत बेशक इस सीरीज में हार गया है लेकिन इससे उसकी आईसीसी पॉइंट टेबल में पोजिशन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। टीम अभी भी 9 मैचों में सात जीत और दो हार के बाद 360 पॉइंट्स के साथ सबसे ऊपर है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है जिसके 296 अंक है। भारत पर क्लीन स्वीप करने वाली न्यूजीलैंड टीम को पॉइंट टेबल में जबरदस्त फायदा हुआ है और टीम के टेस्ट सीरीज में 120 अंक बटोरने से कुल 180 पॉइंट हो गए जिससे टीम तीसरे नंबर पर पहुंच गई है।
आइए नजर डालते हैं आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वॉ़इंट टेबल परः
| टीम | M | W | L | T | D | N/R | PT |
| भारत | 9 | 7 | 2 | 0 | 0 | 0 | 360 |
| ऑस्ट्रेलिया | 10 | 7 | 2 | 0 | 1 | 0 | 296 |
| न्यूजीलैंड | 7 | 3 | 4 | 0 | 0 | 0 | 180 |
| इंग्लैंड | 9 | 5 | 3 | 0 | 1 | 0 | 146 |
| पाकिस्तान | 5 | 2 | 2 | 0 | 1 | 0 | 140 |
| श्रीलंका | 4 | 1 | 2 | 0 | 1 | 0 | 80 |
| दक्षिण अफ्रीका | 7 | 1 | 6 | 0 | 0 | 0 | 30 |
| वेस्टइंडीज | 2 | 0 | 2 | 0 | 0 | 0 | 0 |
| बांग्लादेश | 3 | 0 | 3 | 0 | 0 | 0 | 0 |
M: मैच, W: जीत, L: हार, T: टाई, D: ड्रॉ, N/R: नो रिजल्ट, PT: प्वॉइंट्स
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वॉइंट्स का क्या सिस्टम है-
दरअसल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के प्वॉइंट सिस्टम के मुताबिक दो मैचों की सीरीज में जीतने पर 60 प्वॉइंट्स, टाई होने पर 30 प्वॉइंट्स और ड्रॉ के 20 प्वॉइंट्स मिलेंगे, जबकि हारने पर एक भी प्वॉइंट नहीं होगा। कितने भी मैचों की सीरीज हो हारने वाली टीम को कोई प्वॉइंट नहीं मिलेगा। वहीं तीन मैचों की सीरीज में जीतने पर 40 प्वॉइंट्स, टाई होने पर 20 प्वॉइंट्स और ड्रॉ होने पर 13 प्वॉइंट्स होंगे।
चार मैचों की सीरीज में जीतने वाली टीम को 30 प्वॉइंट्स, टाई होने पर 15 प्वॉइंट्स और मैच ड्रॉ होने पर 10 प्वॉइंट्स होंगे। जबकि पांच मैचों की सीरीज में जीतने पर 24 प्वॉइंट्स, टाई होने पर 12 प्वॉइंट्स और ड्रॉ होने पर आठ प्वॉइंट्स होंगे। (टाई और ड्रॉ होने पर दोनों टीमों के एक जैसे प्वॉइंट्स मिलेंगे।)

