इस्लामाबाद:पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारत हमपर एक और हमला करने की तैयारी कर रहा है। प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद ने संयुक्त राष्ट्र के सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्यों को भारतीय आक्रामकता के बारे में अपनी चिंता से अवगत कराया है। महमूद ने कहा कि भारत ये हमला 16 से 20 अप्रैल के बीच कर सकता है।
महमूद ने कहा कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ एक नई कार्रवाई की योजना बना रहा है, इस्लामाबाद नहीं चाहता कि नई दिल्ली पाकिस्तान पर हमला करे। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तान के पास भारत की इस योजना के खिलाफ पूरी जानकारी है।
पुलवामा हमले के बाद बालाकोट में पाकिस्तानी आतंकियों के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक का जिक्र करते हुए शाह महमूद ने सवाल किया कि 26 फरवरी को जब भारत ने पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक की तो दुनिया चुप थी। जबकि वो सभी जानते थे कि भारत ने ऐसा करके अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के नियमों का उल्लंघन किया था। इस पर चुप्पी क्यों?

