राजकुमार गौतम/यूपी ब्यूरो
बस्ती। जिले के हरैया थाना अंतर्गत बसेवा कुंवर निवासी बब्बन पांडे (45) पुत्र जगरनाथ को रात 8 बजे गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली मारने का आरोप गांव के प्रधान विजय प्रताप वर्मा पर है। घायल बबन पांडे को सीएससी हर्रैया लाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है। गोली मारने का कारण प्रधानी की रंजिश बताया जा रहा है।
घायल बब्बन पांडे भाजपा के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं। पवन पांडे ने बताया कि वह एक निमंत्रण से भाग लेकर अपनी मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचे थे कि बाइक से आए दो लोग उन पर गोली चला दिए। इसमें एक ग्राम प्रधान विजय प्रताप वर्मा शामिल रहे। करीब 8 वर्ष पहले क्षेत्र पंचायत के चुनाव में बीडीसी राघवेंद्र सिंह के साथ पूर्व प्रधान राम सिंह की हत्या में नामजद बब्बन पांडे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। मौके पर सीओ राहुल पांडेय व एसओ कपिल मुनि पहुंच गए हैं। आरोपितों के यहां दबिश दी गई लेकिन वह फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश में पुलिस जुट गई है। शीघ्र ही सभी आरोपित पकड़े जाएंगे।
भाजपा नेता को मारी गोली, हालात नाजुक

