बेंगलुरु। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) बेंगलुरु साउथ एवं नॉर्थ चैप्टर द्वारा आयोजित “20वें फाउंडेशन डे” समारोह का भव्य आयोजन बेंगलुरु के टाउनहॉल में बड़े उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वज के नीचे नवकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ, जिसके पश्चात जीतो के सम्मानित पदाधिकारियों द्वारा जैन प्रतीक से सुसज्जित ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद जीतो के पदाधिकारीगण, गणमान्य अतिथियों और सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जीतो बैंगलुरु नॉर्थ चैप्टर के चेयरमैन श्री विमल कटारिया ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि जैन समाज का राष्ट्र निर्माण में योगदान सदैव अद्वितीय रहा है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का जज़्बा लिए हर जैनी सेवा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने नवकार महामंत्र की प्रेरणा को जीवन में अपनाते हुए समाज को एक सूत्र में जोड़ने तथा संस्कार और मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जीतो बैंगलुरु साउथ चैप्टर के चेयरमैन श्री रणजीत सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन संगठन को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ समाज के लिए सकारात्मक दिशा में कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जीतो ने शिक्षा, सेवा और आर्थिक सुदृढ़ता जैसे तीन प्रमुख स्तंभों के आधार पर देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी सशक्त पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि गुरु भगवंतों के आशीर्वाद तथा अपेक्स और ज़ोन के मार्गदर्शन से संगठन निरंतर समाजोपयोगी कार्यों के माध्यम से नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।
जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर के महामंत्री श्री विजय सिंघवी एवं साउथ चैप्टर के महामंत्री श्री नितिन लुनिया ने कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम के शरुआत में विजय सिंघवी ने जीतों की स्थापना की महत्ता एव मूल्यों पर प्रकाश डाला एवं सभी संस्थापकों की दूरदृष्टि की सराहना करते हुए जैन समुदाय को एक मंच पर लाने एवं जैन समाज की प्रगति में सहभागी होने की सराहना की। उन्होंने कहां जैन समाज की प्रगति में जीतो इसी तरह निरंतर प्रयत्नशील एवं सहभागी बना रहेगा।
जीतो अपैक्स और बेंगलुरु के पूर्व चेयरमैन श्री तेजराज जी गुलेच्छा ने अपने संबोधन में कहा कि जीतो ने सामूहिक पुरुषार्थ, समर्पण और संगठन की शक्ति के बल पर समाजोत्थान के अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए अनुशासन और समर्पण के साथ समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान जीतो बैंगलोर साउथ चैप्टर की कार्यक्रम संयोजक एवं मंत्री श्रीमती कोमल भंडारी ने भारतीय सेना के पूर्व अधिकारी एवं प्रसिद्ध डिफेंस एवं जियोपॉलिटिक्स विशेषज्ञ मेजर गौरव आर्य (सेवानिवृत्त) का परिचय दिया। अपने प्रेरक संबोधन में मेजर गौरव आर्य ने कहा कि देश और समाज के लिए कार्य करना ही सच्चे अर्थों में देशप्रेम है। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी हमें एकजुट होकर राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्व में चल रहे संघर्षों के पीछे कई बार आर्थिक हित भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इन परिस्थितियों को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति सदैव शांति, संवाद और सहयोग की भावना पर आधारित रही है तथा भारत अपनी संस्कृति और सामूहिक संकल्प के बल पर विश्व पटल पर निरंतर प्रगति कर रहा है। इस अवसर पर उपस्थित श्रोताओं ने उनसे विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका उन्होंने सहज और स्पष्ट शैली में उत्तर दिया। कार्यक्रम के दौरान जीतो के पदाधिकारियों द्वारा उनका सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर के कार्यक्रम संयोजक एवं मंत्री श्री किशोर कर्णावत ने प्रख्यात वीर रस कवि श्री विनीत चौहान का परिचय दिया। इसके पश्चात श्री विनीत चौहान ने अपनी ओजस्वी काव्य प्रस्तुति से सभागार में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना दिया। उनकी देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने वीरता, राष्ट्रप्रेम और समाज के प्रति कर्तव्य की भावना को और अधिक प्रबल बना दिया। इस अवसर पर जीतो के पदाधिकारियों द्वारा उनका भी सम्मान किया गया।
इस अवसर पर जीतो एपेक्स सेक्रेटरी श्री श्रीपाल बच्छावत, एपेक्स डायरेक्टर श्री नरेंद्र सिंह सामर, एपेक्स डायरेक्टर एवं केकेजी ज़ोन चेयरमैन श्री प्रवीण बाफना, डीआईसी यूथ विंग श्री प्रवीण शाह, डीआईसी जेआईआईएफ श्री शैलेश हरन, इंटरनेशनल विंग चेयरमैन श्री महावीर मेहता, श्रमण आरोग्यम चेयरमैन श्री रमेश हरन, जॉब्स चेयरमैन श्री विनोद पोखरना, जेएटीएफ वाइस चेयरमैन श्री रमेशचंद बोहरा, श्रमण आरोग्यम वाइस प्रेसिडेंट श्री पारस चौवाटिया, जेएटीएफ केकेजी ज़ोन चेयरमैन श्री अशोक नागौरी, ज़ोन चीफ सेक्रेटरी श्री महेश नाहर, केकेजी ज़ोन चीफ सेक्रेटरी श्री दिलीप जैन, जीतो बैंगलोर साउथ के वाइस चेयरमैन श्री महेंद्र जियानी, श्री राजकुमार कोठारी, श्री राजेंद्र दांतेवाड़िया, जीतो बैंगलोर नॉर्थ के वाइस चेयरमैन श्री कमल पुनमिया एवं श्री दिनेश बाफना, को-कन्वीनर श्री कमलेश नाहर, लेडीज विंग साउथ एवं नॉर्थ की चेयरपर्सन श्रीमती बबीता रायसोनी एवं श्रीमती लक्ष्मी बाफना, यूथ विंग साउथ एवं नॉर्थ के चेयरमैन श्री मेहुल श्रीश्रीमल एवं श्री अनीश भोजानी, जीतो अपैक्स के पूर्व डायरेक्टर श्री प्रमोद भंडारी, जीतो बैंगलोर के पूर्व चेयरमैन श्री प्रकाशचंद सिंघवी, श्री श्रीपाल खीवेसरा एवं श्री दिनेश बोहरा, पूर्व चीफ सेक्रेटरी श्री दीपक श्रीश्रीमल, मैन विंग, लेडीज विंग, यूथ विंग की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वंदे मातरम् गीत की प्रस्तुति एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन भी किया गया, जिससे पूरे सभागार में देशभक्ति और गौरव का वातावरण निर्मित हो गया। अंत में जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर के कार्यक्रम सहसंयोजक श्री नितेश गांधी ने सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।
बेंगलुरु में जीतो के “20वें फाउंडेशन डे” का भव्य आयोजन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता का संदेश

