मुंबई:महानायक अमिताभ बच्चन का अंदाज कुछ ऐसा है कि आज के दौर में भी हर युवा उनके आउटफिट से लेकर एसेसरीज को कॉपी करते हैं. अमिताभ बच्चन के पास आज न जाने कितने महंगे-महंगे ड्रेसेज, एसेसरीज और फुटवेयर होंगे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बॉलीवुड का यह महानायक कभी अपने नए जूतों को तकिए के नीचे रखकर सोता था. यकीन नहीं हुआ न! तो बता दें कि ये कोई मनगढ़ंथ कहानी नहीं बल्कि यह बात हाल ही में खुद अमिताभ बच्चन ने सुनाई है.
अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने रियलिटी शो के चलते छोटे पर्दे पर लोगों का दिल जीत रहे हैं. ऐसे में अपने शो के एक कंटेस्टंट के जीवन का संघर्ष सुनकर खुद अमिताभ बच्चन भी अपनी भावनाओं को जाहिर करने से रोक नहीं सके. उन्हें भी बात करते करते अपने बचपन का संघर्ष याद आ गया. बिग बी ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कई कठिनाइयां झेली हैं. यहां तक कि उनके पास इतने पैसे नहीं होते थे कि वह अपनी क्रिकेट टीम के लिए 2 रुपये दे सकें.
अपने बचपन के संघर्ष के बारे में बताते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा, “हम स्कूल में थे तो हम क्रिकेट टीम बनाते थे, जिसकी मेंबरशिप पाने के लिए 2 रुपये की जरूरत पड़ती थी. उस समय हमारे पास 2 रुपये नहीं होते थे.” इसके आगे उन्होंने बताया, ‘आपको बता दें कि जब भी हम कोई नया जूता खरीदने जाते थे और वह हमें मिल जाता था तो उसे हम अपने तकिये के नीचे रखकर सोते थे.’
बचपन में नए जूतों को सिर के पास रखकर सोते थे अमिताभ बच्चन!

