नई दिल्ली:जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन ने पाकिस्तान के बालाकोट में अपने आतंकी शिविर का विस्तार करते हुए इसके परिसर के अंदर कम से कम दो नई इमारत बनाई है। इंटेलिजेंस एजेंसियों के अधिकारिक सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी।
कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर पिछले साल 14 फरवरी को विस्फोटकों से भरी कार टकराने के बाद इस हमले में अर्धसैनिक बलों के 40 जवान शहीद हो गए थे। इस आतंकी घटना के बाद भारतीय वायुसेना की तरफ से बालाकोट स्थित जैश के आतंकी शिविर पर बमबारी की गई थी।
जनरल बिपिन रावत ने पिछले साल सितंबर में कहा था कि जैश ने बालाकोट में फिर से अपने आतंकी शिविरों को सक्रिय कर दिया है।
इंटेलिजेंस के अधिकारियो ने कहा- “टेक्निकल और ह्यूमेन इंटेलिजेंस की तरफ से इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि बालाकोट में गतिविधियां बढ़ी हैं। परिसर के अंदर दो नई इमारतें बनी हैं।”
पुलवामा हमले के बाद भारत की तरफ से पाकिस्तान के सौंपे गए डोजियर के मुताबिक, ट्रेनिंग कैम्प छह एकड़ में फैला हुआ है और इसमें 600 आतंकी रह सकते हैं। भारतीय वायुसेना ने तड़के बालाकोट हवाई हमले को अंजाम दिया था।

