अयोध्या:- अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (MVI Airport) पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) विंग में आज एक चार सदस्यीय डॉग स्क्वॉड को औपचारिक रूप से शामिल किया गया। यह डॉग स्क्वॉड हवाई अड्डे की सुरक्षा को और सशक्त बनाने के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस डॉग स्क्वॉड में शामिल श्वान विस्फोटक पदार्थों की पहचान, नशीले पदार्थों की खोज, सुरक्षा निगरानी और एंटी-सबोटाज ऑपरेशन जैसे विशेष कार्यों में प्रशिक्षित हैं। ये सभी श्वान राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों में अत्याधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रशिक्षित किए गए हैं और इन्हें अनुभवी हैंडलर्स के साथ तैनात किया गया है।
शामिल किए गए डॉग स्क्वॉड और उनके हैंडलर्स की सूची इस प्रकार है:
- -कोको (Coco) – हैंडलर: संजीत कुमार
- – फिडो (Fido) – हैंडलर: गुप्ता किशन
- – ब्रूनो (Bruno) – हैंडलर: दिलीप कुमार
- – शैडो (Shadow) – हैंडलर: विशाल कुमार
ये प्रशिक्षित श्वान हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन, कार्गो एरिया, पार्किंग ज़ोन और रनवे क्षेत्र में नियमित गश्त और विशेष तलाशी अभियानों में तैनात रहेंगे। इनकी उपस्थिति से संदिग्ध गतिविधियों और संभावित खतरों को समय रहते पहचानने में मदद मिलेगी, जिससे हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी।
अयोध्या, जो अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्ता के लिए विश्वविख्यात है, में हाल के वर्षों में यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। इस बढ़ती भीड़ और हवाई अड्डे की रणनीतिक महत्व को देखते हुए, सीआईएसएफ ने सुरक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल न केवल हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि अयोध्या की वैश्विक छवि को और मजबूत करने में भी सहायता प्रदान करेगी।
सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह डॉग स्क्वॉड न केवल सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हवाई अड्डे पर संचालन की दक्षता को भी बढ़ाएगा। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यात्रियों को एक सुरक्षित और सहज अनुभव प्रदान करना है, और यह डॉग स्क्वॉड उस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
