बैकॉक:शिव थापा पुरूषों के 60 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाकर एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में चौथा पदक जीतने से अब केवल एक कदम दूर रह गए हैं। जबकि उनके अलावा चार अन्य भारतीयों ने भी रविवार को यहां अंतिम आठ में जगह बनाई। थापा ने टूर्नामेंट के तीसरे दिन शानदार खेल दिखाते हुए किर्गिस्तान के सेइतबेक उलू को 4-1 से हराया। एशियाई चैम्पियनशिप में चार स्वर्ण जीत चुकीं सरिता देवी इस टूर्नामेंट में अपने छठे पदक की की कवायद में हैं। इस 37 साल की मुक्केबाज ने कोरिया की गोवान सुजिन को हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
रेफरी ने राउंड-3 में यह मुकाबला रोक दिया क्योंकि सरिता अपनी प्रतिद्वंद्वी पर काफी हावी हो रही थीं। इसी तरह एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले अमित पंघल ने भी अपना अभियान जीत के साथ शुरू किया। अमित ने ताइवान के तू पो वेई को 5-0 से हराते हुए 52 किग्रा वर्ग के अंतिम आठ में जगह बनायी। स्ट्रांजा कप में स्वर्ण पदक जीतकर इस सत्र की धमाकेदार शुरूआत करने वाले पंघल इस मुकाबले में शानदार लय में दिखे और अपने प्रतिद्वंद्वी को एक बार भी हावी होने का मौका नहीं दिया। अगले दौर में अमित का सामना मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन हसनबाई दुस्मातोव से होगा। पूर्व विश्व जूनियर चैम्पियन निखत जरीन (51 किग्रा) ने भी आसान जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश किया।
निखत ने अपने पहले ही मुकाबले में कम्बोडिया की श्रे पोव नाओ को हराया। तेलंगाना की इस मुक्केबाज ने स्ट्रांजा कप में स्वर्ण जीतते हुए सत्र की शुरुआत की थी। पुरुषों के 69 किग्रा वर्ग में आशीष ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। वह किर्गिस्तान के अब्दुराखमन ए. पर 4-1 की जीत हासिल करने में सफल रहे और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस बीच भारत को निराशा भी हाथ लगी। भारत के बृजेश यादव को 81 किग्रा वर्ग में उजबेकिस्तान के दिल्होदबेक रुज्मेतोव के हाथों 0-4 से हार मिली। दूसरे राउंड में यादव को कट लगा और वह मुकाबले से बाहर हो गए। इस तरह दो राउंड तक चले मुकाबले के आधार पर रुज्मेतोव को विजेता घोषित किया गया।
सोमवार को 2018 विश्व चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता सोनिया चहल (57 किग्रा) उत्तर कोरिया की जो सोन ह्वा से भिड़ेंगी। यह क्वार्टर फाइनल मैच होगा। इसी तरह नयी दिल्ली में आयोजित विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले लवलीना बोर्गोहेन चीनी ताइपे की विश्व चैम्पियन चेन नीन चिन से मुकाबला करेंगी। गीबी मुक्केबाजी टूर्नामेंट में स्वर्ण जीतने के बाद कविंदर सिंह बिष्ट (56 किग्रा) एक और पदक की ओर कदम बढ़ाएंगे। इसी तरह माकरान कप स्वर्ण पदक विजेता दीपक (49 किग्रा) और अनुभवी सीमा पूनिया (81 किग्रा से अधिक) भी रिंग में उतरेंगी।
ASIAN BOXING CHAMPIONSHIP: पांच भारतीय मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

