बेंगलुरु: भारत ने 23 जुलाई से आठ अगस्त तक चलने वाले टोक्यो गेम्स के लिए 16 सदस्यीय महिला हाकी टीम चुनी जिसमें आठ खिलाड़ी ओलंपिक पदार्पण करेंगी जबकि इतनी ही अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। टीम में युवा और अनुभवी खिलाडि़यों का अच्छा मिश्रण है और आठ खिलाड़ी 2016 रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। भारतीय महिला हाकी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी स्टार स्ट्राइकर रानी रामपाल संभालेंगी।
ओलंपिक में पदार्पण करने वाली आठ खिलाड़ी ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर, उदिता, निशा, नेहा, नवनीत कौर, शíमला देवी, लालरेमसियामी और सलीमा टेटे हैं। लालरेमसियामी टीम में जगह बनाने वाली मिजोरम की पहली खिलाड़ी हैं। टेटे ने ब्यूनर्स आयर्स में हुए 2018 युवा ओलंपिक खेलों में भारतीय टीम की अगुआई की थी जिसने रजत पदक जीता था। पिछले ओलंपिक में टीम का हिस्सा रही आठ अनुभवी खिलाडि़यों में कप्तान रानी के अलावा गोलकीपर सविता, दीप ग्रेस एक्का, सुशीला चानू पुखराम्बाम, मोनिका, निक्की प्रधान, नवजोत कौर और वंदना कटारिया शामिल हैं।
इन आठ खिलाडि़यों को मिलाकर कुल 1492 मैचों का अनुभव है। टीम में महज एक गोलकीपर सविता, चार डिफेंडर, छह मिडफील्डर और पांच फारवर्ड हैं। भारतीय महिला हाकी टीम तीसरी बार ओलंपिक खेलों में शिरकत करेगी और यह लगातार दूसरी बार है। टीम ने 1980 और 2016 में ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था। रियो ओलंपिक 2016 के बाद से महिला टीम का प्रदर्शन लगातार अच्छा ही होता गया जिसने इसी वर्ष एशियाई चैंपियंस ट्राफी, 2017 एशिया कप और 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीता। टीम ने पहली बार 2018 महिला विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया।
भारतीय महिला हाकी टीम के मुख्य कोच सोर्ड मारिन ने कहा, ‘इस टीम ने पिछले कुछ वर्षो में काफी कड़ी मेहनत की है और लगातार प्रगति की है। टीम में अनुभवी और युवा प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है जो शानदार है।’ भारतीय महिला टीम ने 36 साल के लंबे अरसे बाद 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर इतिहास रचा था। इस समय टीम यहां भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र में चल रहे राष्ट्रीय शिविर में तैयारियों में जुटी है।
टीम इस प्रकार है :
गोलकीपर : सविता
डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, उदिता
मिडफील्डर : निशा, नेहा, सुशीला चानू पुखराम्बाम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे
फारवर्ड : रानी, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी