नई दिल्ली:देश में शनिवार को कोरोना के 1 लाख 14 हजार 415 मामले सामने आए। यह पिछले 61 दिनों में एक दिन में मिले संक्रमितों का सबसे कम आंकड़ा है। इससे पहले 5 अप्रैल को 96,573 केस आए थे। वहीं, पिछले 24 घंटों में 2,681 मरीजों की मौत हुई और 1 लाख 89 हजार 89 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 77,402 की कमी हुई। पिछले 10 दिन की बात करें, तो एक्टिव केस में 9 लाख 42 हजार 424 की कमी रिकॉर्ड की गई और 14 अप्रैल के बाद पहली बार एक्टिव केस का आंकड़ा 15 लाख के नीचे आया है।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.14 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 1.89 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,681
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.88 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.69 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.46 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 14.73 लाख
15 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।