नई दिल्ली:देश में कोरोना की रफ्तार तेजी से कम हो रही है। बीते दिन देश में एक लाख 26 हजार 649 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस दौरान 2 लाख 54 हजार 879 लोगों ने संक्रमण को मात भी दी। नए संक्रमितों का आंकड़ा बीते 55 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले 7 अप्रैल को 1 लाख 26 हजार 276 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई हुई थी।
इस बीच मौत के आंकड़ों में भी कमी आने लगी है। करीब 35 दिन बाद सोमवार को रोजाना मौत का आंकड़ा 3,000 से नीचे आया। इस दौरान 2,781 संक्रमितों की मौत हो गई। इससे पहले 26 अप्रैल को 2,762 लोगों की जान गई थी।
एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में एक दिन में 1 लाख 31 हजार 31 की गिरावट आई है। अब 18 लाख 90 हजार 975 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बीते 22 दिन में इसमें 18 लाख 50 हजार 327 की कमी आई है। दूसरी लहर में 9 मई को पीक आया था। तब 37 लाख 41 हजार 302 एक्टिव केस थे।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 1.26 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 2.54 लाख
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 2,781
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.81 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.59 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 3.31 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 18.90 लाख
16 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
16 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।
अपडेट्स
- सरकार और प्रशासन जल्द ही दो अलग-अलग वैक्सीन के डोज को लेकर ट्रायल शुरू करने वाली है। अगले कुछ हफ्तों में इस पर फैसला लिया जा सकता है। इसमें कोवीशील्ड, कोवैक्सिन और स्पूतिनक समेत 8 वैक्सीन को शामिल किया जा सकता है।
- नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्युनाइजेशन (NTAGI) के तहत काम कर रहे कोविड-19 वर्किंग ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एन के अरोड़ा ने कहा कि दो अलग-अलग वैक्सीन के ट्रायल से पता लगाया जाएगा कि क्या इससे इम्यून सिस्टम को और भी ज्यादा बूस्ट किया जा सकता है या नहीं।